हमीरपुर

अनोखा मुस्लिम गौ सेवक, घायल गायों का कर रहा है इलाज

अब तक वो सैकड़ों घायल गायों का इलाज कर उन्हें ठीक कर चुका है।
 

हमीरपुरDec 06, 2017 / 07:35 pm

Ashish Pandey

sulaman

हमीरपुर. जि़ले में बीमार, घायल गायों के इलाज के लिए एक मुस्लिम गौ सेवक सामने आया है। इस दाढ़ी टोपी वाले बूढ़े व्यक्ति द्वारा घायल गायों का इलाज करते देख लोग आश्चर्य चकित रह जाते हैं। दाढ़ी टोपी वाला यह शख्स सुलेमान है, जो गौ सेवक के नाम से आज कल चर्चा में बना है। इससे घायल गायों की देख रेख और ठीक होने तक उनकी निगरानी करने का बीड़ा उठा रखा है, इसने अब तक सैकड़ों गायों का इलाज कर उन्हें ठीक किया है, यह अपने खर्चे से इन घायल जानवरों का न सिर्फ इलाज कर रहा है बल्कि उनके खाने पीने के लिए चारे पानी का भी इंतेजाम करता है। मुस्लिम गौ सेवक बन कर उभरे इस शख्स का कहना है कि बेजुबान जानवरों का दर्द उससे देखा नहीं जाता है इसी लिए एक साल से वो इन घायल गायों का इलाज कर रहा है।
जि़ले के सुमेरपुर क़स्बे में रहने वाले बुजुर्ग सुलेमान को जब बीमार घायल गायों का दर्द नहीं देखा गया तो उसने खुद इन घायल बेजुबानों का इलाज करने का बीड़ा उठाया और पिछले एक साल से यह इसी काम में लगा हुआ है। अब तक वो सैकड़ों घायल गायों का इलाज कर उन्हें ठीक कर चुका है।
हमीरपुर जि़ले में लाखों अन्ना गाये घूम रही हैं जो हाइवे में दुर्घटना का शिकार हो कर घायल हो जाती हैं और इस समय किसानों ने खेतों में कटीले तार और आरी वाली बाढ़ लगा रखी है, जिससे इन गायों की गर्दन और पैर कट जाते हैं और यह बेजुबान जानवर खून बहाते घूमते रहते हैं।
जि़ले में हज़ारों की तादाद में घायल गायें घूम रही हैं पर उनका कोई पुरसा हाल नहीं है। इस जि़ले में ना कोई गौ रक्षक है और ना कोई गौ सेवक और ना ही कोई गौशाला है, जो इन घायल गायों के सेवा के लिए आगे आये तब मज़बूरी में सुलेमान को आगे आना पड़ा। हालांकि शुरू में उसको अपने घर मे इसका विरोध भी झेलना पड़ा था पर अब उसके परिजन भी उसका साथ दे रहे है।
पूरे देश में गाय को लेकर सियासत होती रहती है। मगर बुंदेलखंड में अन्ना प्रथा और बीमार, घायल, भूखी प्यासी तड़प रही हैं, जिनका कोई पुरसाहाल नहीं है। ऐसे में बिना किसी सरकारी मदद के अपने खुद के खर्चे से बुजुर्ग सुलेमान जैसे गौ सेवक सालों से घायल गायों का इलाज कर एक नजीर पेश कर रहे है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.