हनुमानगढ़. भाखड़ा सिंचाई प्रणाली की सार्दुल एवं करणी सिंह ब्रांच की नहरों में फसल रबी 2021-22 के लिए डिप्लीशन पीरियड (21.09.21 से 20.05.22) तक का शेयर निर्धारण करने के लिए जिला कलक्टर नथमल डिडेल की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। रेगुलेशन कमेटी के सदस्य सचिव व भाखड़ा सिद्धमुख रेगुलेशन खंड के अधिशाषी अभियंता सुरेश सुथार ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि रबी फसल 27 दिसंबर तक लगातार 1200 क्यूसेक (6 बारी) 27 दिसंबर से 28 जनवरी 22 तक 650 क्यूसेक (1 बारी) व 28 जनवरी 2022 से 20 मई 2022 तक पेयजल हेतु पानी चलाये जाने का निर्णय लिया गया। इस प्रकार फसल रबी हेतु 21.09.21 से 28.01.22 तक कुल 7 बारी उपलब्ध करवाई जानी सम्भावित है एवं तत्पश्चात शेष अवधि (28.01.22 से 20.05.22) में केवल पेयजल हेतु पानी उपलब्ध करवाया जा सकेगा। बैठक में उपस्थित विधायक व अन्य सदस्यों ने पानी की उपलब्धता गेंहू की फसल हेतु पर्याप्त नहीं होना बताया, अत: कम पानी में पकने वाली फसल सरसों इत्यादि के लिए बिजाई एवं पकाई हेतु पानी उपलब्ध करवाने की मांग की। वहीं बैठक में भाखड़ा सिंचाई प्रणाली के आम काश्तकारों से पानी की कम उपलब्धता के मद्देनजर कम पानी में पकने वाली फसले सरसों इत्यादि की बुवाई किए जाने का सुझाव दिया गया। गेंहू की बिजाई एवं पकाई हेतु पर्याप्त पानी वर्तमान स्थिति अनुसार उपलब्ध नहीं हो सकेगा। सुथार ने बताया कि भाखड़ा डेम का लेवल 20 सिंतबर को 1642.15 फीट है। जबकि गत वर्ष इसी दिन पोंड लेवल 1659.61 फीट था।
बैठक में ये रहे उपस्थित
जिला कलक्टर नथमल डिडेल, पीलीबंगा विधायक धर्मेन्द्र मोची, संगरिया विधायक गुरदीप शाहपीणी, भाखड़ा सिंचाई प्रबंध समिति के चेयरमैन विजय जांगू, कृषि विभाग के उपनिदेशक दानाराम गोदारा, सिंचाई विभाग के एसई रेगुलेशन भगवानाराम बिश्नोई, एसई भाखड़ा डीएस बेनीवाल, अधिशाषी अभियंता सुरेश सुथार आदि मौजूद रहे।