नोहर मामले में दोनों पक्ष के 39 गिरफ्तार, हत्या के प्रयास में सात काबू
नोहर. साहवा मार्ग स्थित आदर्श कॉलोनी में बाबा रामदेव मंदिर के पास बुधवार रात दो पक्षों में मारपीट की घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस व प्रशासन ने तत्परता से दोनों पक्ष के 39 जनों को गिरफ्तार कर भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया।
हनुमानगढ़
Published: May 12, 2022 09:19:00 pm
नोहर मामले में दोनों पक्ष के 39 गिरफ्तार, हत्या के प्रयास में सात काबू
- दो पक्षों में मारपीट के बाद तनाव की स्थिति
- पुलिस व प्रशासन ने आपसी मारपीट को साम्प्रदायिक रंग देने की कही बात
नोहर. साहवा मार्ग स्थित आदर्श कॉलोनी में बाबा रामदेव मंदिर के पास बुधवार रात दो पक्षों में मारपीट की घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस व प्रशासन ने तत्परता से दोनों पक्ष के 39 जनों को गिरफ्तार कर भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया। इसके चलते हालात काबू में रहे। मारपीट में घायल बजरंग दल तहसील अध्यक्ष सतवीर सहारण का बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत ठीक बताई गई है। गुरुवार को बजरंग दल व विहिप कार्यकर्ताओं ने बाजार से जुलूस निकालते हुए पुलिस थाने के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया।
हालात की गंभीरता के दृष्टिगत कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संभागीय आयुक्त नीरज के पवन, बीकानेर आईजी ओमप्रकाश, जिला कलक्टर नथमल डिडेल एवं एसपी अजय कुमार नोहर पुलिस थाने में कैम्प किए हुए हैं। वे बुधवार रात को ही नोहर पहुंच गए थे। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस व प्रशासन की ओर से कस्बे के अलग-अलग हिस्सों में मौका मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस प्रशासन ने आदर्श कॉलोनी सहित मुख्य मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला। इसमें पुलिस व प्रशासन के उच्च अधिकारी शामिल रहे। वहीं गुरुवार दोपहर को पंचायत समिति सभागार में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक व धर्मगुरुओं के साथ शांति समिति की बैठक हुई। भाजपा, विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में पुलिस थाने के समक्ष प्रदर्शन किया। घटना के विरोध में कस्बे के बाजार पूरी तरह से बंद रहे। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पेट्रोल पंप भी बंद करवा दिए।
साम्प्रदायिक रूप देने का प्रयास
नोहर पुलिस थाने में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने गुरुवार को संयुक्त प्रेस वार्ता कर स्थिति स्पष्ट की। प्रेस वार्ता में संभागीय आयुक्त नीरज के पवन ने कहा कि दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई है, जिसे साप्रदायिक तनाव का रूप देने का प्रयास किया गया। इस पर पुलिस व प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों पक्षों के 39 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। एहतियात के तौर पर नोहर, भादरा व रावतसर में इंटरनेट सेवाओं को बंद कराया गया है। आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि अवांछनीय गतिविधियों से कड़ाई से निपटा जाएगा। स्थिति पर कड़ाई से नजर रखी जा रही है। मुख्य स्थानों पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। साथ ही एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। जहां घटना हुई वहां दोनों समुदाय के लोग दशकों से भाईचारे से रह रहे हैं। घटना के बाद भी वहां स्थिति एकदम समान्य है। आईजी ने बताया कि घटना के बाद पूरे बीकानेर संभाग में पुलिस प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। कस्बे में कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ से एसटीएफ, आरएसी एवं स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप की एक-एक कंपनी यहां तैनात की गई है। वज्र वाहन व अतिरिक्ति जाब्ते को अलर्ट पर रखा गया है।
मुनादी टेम्पो में मिला दो लीटर पेट्रोल
जिला कलक्टर नथमल डिडेल व एसपी अजय कुमार ने बताया कि घटना के बाद बुधवार देर रात को यहां मेगा हाइवे पर जाम लगा रहे करीब दो दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं गुरुवार सुबह बाजार बंद करने की मुनादी करते हुए आधा दर्जन युवकों को गिरफ्तार किया गया। है। एसपी ने बताया कि जिस ऑटो में बाजार बंद करने की मुनादी की जा रही थी, उसमें दो लीटर पेट्रोल भी बरामद हुआ। बुधवार रात को मेगा हाइवे जाम करते युवकों की गाड़ी में बड़ी संख्या में लाठियां रखी होने का वीडियो भी पुलिस अधिकारियों ने दिखाया।
परस्पर मामले दर्ज, साम्प्रदायिक तनाव नहीं
इस पूरे प्रकरण को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि दो पक्षों के आपसी विवाद को साम्प्रदायिक तनाव का रंग दिया जा रहा है। हमले में घायल विहिप के प्रखंड अध्यक्ष सतवीर सहारण का बीकानेर में उपचार चल रहा है। तबीयत में सुधार है। पुलिस ने दोनों पक्षों के परिवाद पर मामले दर्ज किए हैं। वार्ड 27 निवासी दलीप सोनी पुत्र सुरेश सोनी ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि बाबा रामदेव मंदिर के पास बदमाश युवक बैठे रहते हैं जो श्रद्धालुओं पर फब्तियां कसते हैं। बुधवार को जब उनको हटाने के लिए विहिप अध्यक्ष सतवीर सहारण मौके पर पहुंचे तो मुगलेआजम, आमीन व चार-पांच अन्य ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भादसं की धारा 307, 323, 341 आदि में मामला दर्ज किया है। वहीं वार्ड 12 निवासी आमीन खान पुत्र अब्दुल जब्बार ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि उसके लडक़ा सोहेल मंदिर के पास से गुजर रहा था। सतवीर सहारण ने उसे जबरन मंदिर में ले जाकर मारपीट की। पुलिस ने भादसं की धारा 232, 341, 365 आदि में मामला दर्ज किया।
हमले के आरोप में सात गिरफ्तार
एसपी अजय सिंह ने बताया कि घटना के बाद ही सतवीर सहारण पर हमला करने के मामले में सात जनों को गिरफ्तार कर लिया है। मेगा हाइवे जाम करने वालों की यही मुख्य मांग थी। इसके बावजूद रात्रि को हाइवे पर जाम जारी रहा। धार्मिक उन्माद फैलाने के लिए भाषण दिए गए। वहां से पिकअप गाड़ी जब्त की जिसमें लाठियां भरी हुई थी। एसपी ने भडक़ाऊ भाषण आदि के कई वीडियो दिखाए। एसपी ने कहा कि पुलिस ने किसी भी प्रकार का लाठीचार्ज नहीं किया। क्षेत्र का धार्मिक सौहार्द नहीं बिगड़े इसके लिए पुलिस ने घटना के बाद से ही हरसंभव प्रयास किए। कलक्टर नथमल डिडेल ने बताया कि आगामी आदेशों तक क्षेत्र में इंटरनेट सेवाए बंद रहेंगी। इसके अलावा बिना अनुमति के धरना, जुलूस-प्रदर्शन नहीं हो सकेंगे। वहीं विहिप कार्यकर्ताओं का कहना था कि एक तरफ पुलिस के अधिकारी देर रात्रि को थाना में कार्यकर्ताओं से वार्ता कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर जाम करने वालों पर लाठियां चलाई गई। इसमें कई को चोटें लगी।
सहमति के बाद घेराव समाप्त
घटना के विरोध में पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया के नेतृत्व में पुलिस थाने के समक्ष प्रदर्शन कर घेराव किया गया। पुलिस प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस दौरान विधायक धर्मेन्द्र मोची, भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश मेघवाल, अमरसिंह पूनिया, काशीराम गोदारा आदि मौजूद रहे। बाद में थाने में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से वर्ता हुई। इसमें सभी मांगों पर सहमति बनने के बाद घेराव व प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
शांति बनाए रखने की अपील
घटना के बाद विधायक अमित चाचाण ने लगातार सोशल मिडिया के माध्यम से वीडियो जारी कर क्षेत्रवासियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इसके अलावा पंस प्रधान सोहन ढिल, पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया, माकपा नेता मंगेज चौधरी आदि ने अलग-अलग वीडियो संदेश जारी कर आमजन से शांति की अपील की। सभी ने क्षेत्र के सौहार्दपूर्ण माहौल को बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।
न्यायिक अधिकारियों ने कहा जिम्मेदारी निभाएं
दो पक्षों के बीच तनाव की घटना के दृष्टिगत एडीजे संख्या एक राजेंद्र चौधरी ने बार संघ व न्यायिक कर्मियों के साथ बैठक की। इसमें न्यायपालिका से जुड़े सभी पक्षों को जिम्मेदारी समझते हुए सकारात्मक भूमिका निभाने की बात कही गई। बार व बैंच की ओर से सुझाव दिए गए। बैठक में एडीजे केदारनाथ, एसीजेएम अजय पूनिया, एमजेएम चंद्रशेखर पारीक, बार संघ अध्यक्ष जगदीश कड़वासरा, न्यायिक कर्मचारी संघ अध्यक्ष घनश्याम तिवाड़ी आदि ने विचार व्यक्त किए।

नोहर मामले में दोनों पक्ष के 39 गिरफ्तार, हत्या के प्रयास में सात काबू
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
