हनुमानगढ़

जोड़ा जो बखूबी दौड़ा रहा लोकतंत्र और घर की गाड़ी एक साथ

https://www.patrika.com/hanumangarh-news/
 
 

हनुमानगढ़Jan 27, 2019 / 11:50 am

adrish khan

जोड़ा जो बखूबी दौड़ा रहा लोकतंत्र और घर की गाड़ी एक साथ

जोड़ा जो बखूबी दौड़ा रहा लोकतंत्र और घर की गाड़ी एक साथ
– दिव्यांग बीएलओ पति के साथ बीएलओ पत्नी का भी सम्मान
– लोकतंत्र को मजबूत करने में निभा रहे भागीदारी
हनुमानगढ़. चुनाव में ड्यूटी हो या चुनाव संबंधी कार्य, दोनों ही बहुत गंभीर और मेहनत वाले काम हैं। इसलिए अक्सर कई कर्मचारी इससे बचने की जुगत में रहते हैं। मगर ऐसे कार्मिक भी हैं जो लोकतंत्र के यज्ञ में पूरी परिश्रम से आहुति देते हैं। जब पति-पत्नी दोनों को ही चुनाव संबंधी कार्य सौंप दिए जाएं और दोनों ही इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करे तो मिसाल बन जाते हैं। क्योंकि घर और लोकतंत्र की एक साथ देखभाल कोई आसान काम नहीं है। मगर ऐसा ही कार्य कर रहे हैं भादरा निवासी दिव्यांग बीएलओ शेर मोहम्मद जाटू व उनकी पत्नी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हसरत बानो। दोनों को विधानसभा चुनाव के उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। बीएलओ शेर मोहम्मद को जिला स्तर पर हुए समारोह में कलक्टर जाकिर हुसैन ने सम्मानित किया, वहीं बीएलओ हसरत बानो को उपखंड स्तरीय समारोह में एसडीएम भादरा ने पुरस्कृत किया। हसरत बानो भादरा स्थित राजकीय उप्रावि संख्या दो में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र में बतौर कार्यकर्ता नियुक्त है। जबकि शेर मोहम्मद वार्ड छह स्थित मदरसा इस्लामिया तालीमुल कुरान में बतौर पैराटीचर नियुक्त हैं। पति-पत्नी क्रमश: वार्ड छह व आठ के बीएलओ हैं।
चुनौती स्वीकार
बीएलओ शेर मोहम्मद ने पत्रिका को बताया कि पति-पत्नी दोनों ही नौकरी में हो तो वैसे भी कई तरह की दिक्कतें आती हैं। अगर नौकरी के साथ दंपती को चुनाव संबंधी कार्य भी संभला दिए जाए तो निश्चित तौर पर यह किसी के लिए भी बहुत ही चुनौतीपूर्ण साबित होगा। लेकिन हमने इस चुनौती को स्वीकार कर हमेशा अपना कार्य बेहतर ढंग से निष्पादित करने का प्रयास किया। यही वजह है कि अच्छे कार्य के लिए प्रशासन ने दोनों को सम्मानित किया। इससे नि:संदेह और बेहतर ढंग से कार्य करने की ऊर्जा मिलेगी।

Home / Hanumangarh / जोड़ा जो बखूबी दौड़ा रहा लोकतंत्र और घर की गाड़ी एक साथ

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.