scriptअध्यक्ष चुनाव में तीन दिन शेष, चर्चा ना खर्चा | Hanumangarh | Patrika News

अध्यक्ष चुनाव में तीन दिन शेष, चर्चा ना खर्चा

locationहनुमानगढ़Published: Jan 18, 2019 10:11:53 pm

Submitted by:

Manoj

नोहर नगर पालिका
भाजपा और कांग्रेस ने अध्यक्ष पद का उम्मीदवार नहीं किया घोषित
कांग्रेस बहुमत को लेकर आश्वस्त
वर्तमान अध्यक्ष चाचाण के विधायक बनने से रिक्त हुआ पद

hanumangarh

hanumangarh

नोहर. नगरपालिका अध्यक्ष के उप चुनाव में अब मात्र तीन दिन का समय बाकी रहा है। 22 जनवरी को नगरपालिका अध्यक्ष के लिए उपचुनाव होगा लेकिन अब तक कांग्रेस व भाजपा दोनों ही दलों में इस पद के लिए उम्मीदवार तक की घोषणा नहीं हो पाई है। हालात यह है कि दोनों ही दलों के समर्थित पार्षद अब भी अपना ‘महत्वÓ नहीं होने से खफा-खफा से नजर आ रहे हैं। हालांकि सत्तारूढ होने के कारण कांग्रेस का दावा अध्यक्ष पद पर काफी मजबूत नजर आ रहा है लेकिन उनमें भी पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर कौन विराजमान होगा। इसे लेकर कोई एक नाम तय नहीं हो पाया है।
नोहर नगरपालिका अध्यक्ष का पद सामान्य श्रेणी का होने के बावजूद पार्षदों की लामबंदी या मनुहार नहीं होना शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। कांग्रेस व भाजपा दोनों ही दलों ने अब तक ना तो पार्षदों की बाड़ेबंदी की गई है और ना ही व्हीप जारी कर पार्षदों को पार्टी नियमों के निर्देश दिए हैं। नोहर नगरपालिका मंडल में कुल तीस पार्षद पद हैं लेकिन वार्ड नंबर 12 के पार्षद व पालिका अध्यक्ष अमित चाचाण के विधायक बन जाने तथा वार्ड 27 के पार्षद अरशद खान के सरकारी नौकरी में चले जाने के बाद दो पार्षदों के पद रिक्त हो गए हैं। ऐसे में 28 पार्षदों में से अध्यक्ष का निर्वाचन होना है।

राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर प्रशासन ने नगरपालिका पालिका अध्यक्ष पद के चुनावों की अधिसूचना जारी कर कार्यक्रम घोषित कर दिया है। ऐसे में अब पालिका अध्यक्ष का चुनाव निर्वाचित 28 पार्षद ही करेंगे। हालांकि कांग्रेस व भाजपा के समर्थित पार्षदों की संख्या कुछ माह पहले तक तो चौदह-चौदह ही थी लेकिन अब प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ ही कांग्रेस के पाले में पार्षदों की संख्या बढने की संभावनाएं बन गई हैं।

राजनैतिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल 28 पार्षदों में से 15 पार्षद कांग्रेस के साथ बताए जा रहे हैं तो वहीं 12 पार्षद भाजपा के पाले में होने का दावा किया जा रहा है। एक निर्दलीय पार्षद ने अभी किसी पाले में जाने के पत्ते नहीं खोले हैं। बहुमत के आंकड़े से आगे होने के चलते कांग्रेस निश्चिंत होकर चुनावी तारीख का इंतजार कर रही है।
ये है चुनाव कार्यक्रम
22 जनवरी को नगर पालिका के अध्यक्ष पद के होने वाले उपचुनाव को लेकर प्रशासन ने मंगलवार को कार्यक्रम जारी कर दिया। निर्वाचन अधिकारी सैयद सिराज ने पालिकाध्यक्ष के पद के उप चुनाव को लेकर कार्यक्रम जारी किया। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए निर्वाचित सदस्यों की बैठक 22 जनवरी को प्रात: दस बजे होगी। दस बजे से ग्यारह बजे के बीच नामांकन किए जा सकेंगे। साढ़े ग्यारह बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। दो बजे तक नामांकन वापिस लिए जा सकेंगे।
ढाई बजे से पांच बजे के बीच मतदान होगा। मतदान समाप्ति के बाद मतगणना होगी। विदित रहे कि नगर पालिकाध्यक्ष अमित चाचाण के विधायक बनने के बाद पालिका अध्यक्ष पद खाली हो गया था। जिस पर उप चुनाव होना है। वर्तमान में नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर कार्यवाहक पालिकाध्यक्ष के रूप में श्रीराम व्यास कार्यरत है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो