scriptधूमधाम से निकाले डोल, अजनाल तट पर विसर्जन किया | Dole Gyaras Festival | Patrika News
हरदा

धूमधाम से निकाले डोल, अजनाल तट पर विसर्जन किया

डोल ग्यारस पर्व पर निकला भगवान श्रीकृष्ण का विमान, लोगों ने की पूजा अर्चना

हरदाSep 20, 2018 / 11:37 pm

sanjeev dubey

Dole Gyaras Festival

धूमधाम से निकाले डोल, अजनाल तट पर विसर्जन किया

हरदा. शहर में गुरुवार को डोल ग्यारस पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मौके पर चल समारोह निकला। शहर के विभिन्न मंदिरों में तैयार किए गए डोल बैंडबाजे के साथ निकाले गए। इस दौरान भजन कीर्तन किया गया। महिलाओं ने व्रत रखकर डोल की पूजा की। शाम को सभी डोल घंटाघर चौक पहुंचे। यहां से जुलूस के रूप में निकले। देररात तक चल समारोह का दौर चला। अजनाल नदी के तट पर पूजन अर्चन कर डोल का विसर्जन किया गया। इस मौके पर अखाड़ा प्रदर्शन किया गया।
अबगांव खुर्द में सौ साल से निकल रहा डोल
समीप के अबगांव खुर्द गांव में बीते सौ साल से डोल निकाला जा रहा है। गांव में जाट, कुशवाह, ब्राह्मण, सेन, दर्जी व अनुसूचित जाति के छह विमान निकाले जाते हैं। सभी समाज के लोग एक साथ भजन कीर्तन करते चलते हैं।
– डोल ग्यारस पर्व पर निकला भगवान श्रीकृष्ण का विमान, लोगों ने की पूजा अर्चना
खिरकिया/छीपाबड़/टिमरनी. डोल ग्यारस का पर्व नगर सहित क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। खिरकिया व छीपाबड़ में विभिन्न समितियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की पालकी निकाली गई। नगर में सत्यनारायण मंदिर, शीतला माता मंदिर, काली माता मंदिर, लोधी मोहल्ला, गौमुख मंदिर, बालाजी मंदिर, सांई मंदिर सहित अन्य स्थानों से डोल निकाले गए, जिनका नगर भ्रमण मं कराया गया। इसी तरह पोखरनी सत्यनारायण मंदिर से भी भगवान श्रीकृष्ण का विमान निकाला गया। विमान में माता यशोदा के साथ कान्हा को विराजमान किया। पूजन आरती के बाद हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैयालाल की, के उद्घोष लगाए गए। इधर, टिमरनी नगर में भी राम जानकी मंदिर श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर लोधी समाज राम जानकी मंदिर, कुशवाह समाज, कुम्हार समाज आदि ने डोल निकाले। स्थानीय शंकर मंदिर प्रांगण में नगर परिषद द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक संजय शाह, विजय गोयल, कैलाश डूडी, नन्हेलाल कौशल सहित अन्य मौजूद थे।वहीं माहेश्वरी समाज मंदिर, राम मंदिर और माली समाज मंदिर के तीनों विमान एक साथ नगर में भ्रमण पर निकले।
डोल पर सवार होकर निकले भगवान
मसनगांव/दूधकच्छकला. डोल ग्यारस पर भगवान विष्णु डोल पर सवार होकर ग्राम भ्रमण को निकले। ग्रामीणों ने भगवान का अपने घरों के सामने पूजन अर्चन किया। ग्राम के राधा कृष्ण मंदिर समिति द्वारा डोल सजाकर निकाला गया, जिसमें भगवान विष्णु को बैठाकर ग्राम भ्रमण कराया गया। डोल को स्थानीय देदली नदी पर ले जाया गया, जहां भगवान की आरती पूजन की गई इसके पश्चात भगवान को वापस मंदिर में स्थापित किया गया। इसी तरह गांव दूधकच्छ कला गांव में भी डोल ग्यारस का पर्वहर्षोल्लास से मनाया गया। श्रीराम मंदिरसे डोल निकाला गया। ग्रामीणों द्वारा पूजा अर्चना की गई। अजनाल नदी तट पर आरती एवं प्रसादी कार्यक्रम हुआ।
गांव में निकला भगवान का विमान
टेमागांव. ग्राम भादूगांव में बड़ी धूमधाम से नाचते गाते बजाते हुए डोल निकाला गया। श्री राधा कृष्ण मंदिर के संचालक विद्यासागर पालीवाल ने बताया कि बहुत वर्षों से यह परंपरा चली आ रही है। कृष्ण मंदिर से निकलकर सारे ग्राम की गलियों में डोल की महिला, पुरुषों के द्वारा पूजा अर्चना की गई। इस अवसर पर सिराली मकड़ाई के कांग्रेस किसान प्रदेश उपाध्यक्ष अभिजीत शाह ने भी आकर भगवान कृष्ण का आशीर्वाद लिया।
धूमधाम सेे मनाया डोल ग्यारस
छिदगांवमेल. गांव बिच्छापुर में श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा आरती कर डोल निकाला गया। भीमसिंह मौर्य ने बताया कि डोल को गांव में भ्रमण कराया गया। जहां पर लोगों ने पूजा अर्चना की। इसके बाद गंजाल नदी पर ले जाकर पूजा, आरती कर प्रसादी वितरण किया गया। इस दौरान मंगलसिंह डूडी, सुनील डूडी, अनिल डूडी आदि मौजूद थे।
आकर्षक सजाई भगवान श्रीकृष्ण की पालकी
कांकरिया. गुरुवार को ग्रामीण अंचलों में डोल ग्यारस का पर्व उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समितियों द्वारा एक दिन पूर्व ही भगवान के विमानों को आकर्षक रूप से सजाकर रखा गया। भगवान श्रीकृष्ण को आकर्षक विमान में विराजित कर गांव भ्रमण कराया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजन अर्चन कर गांव सहित क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कांकरिया श्री राम मंदिर समिति द्वारा आकर्षक रूप से सजे विमान में भगवान श्रीकृष्ण को विराजित कर जय कन्हैयालाल की, के उद्घोष लगाए।
भगवान के जयकारे लगाए
रहटगांव. नगर में डोल ग्यारस का पर्व धूमधाम से मनाया गया। पंडित नीरज महाराज ने बताया कि जन्माष्टमी के बाद आने वाली एकादशी पर डोल ग्यारस पर्व मनाया गया।नगर में भगवान का विमान निकाला गया। महिला, पुरुषों ने भगवान की पूजा अर्चना की। विमान नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरा।लोगों ने भगवान के जयकारे लगाए।

Home / Harda / धूमधाम से निकाले डोल, अजनाल तट पर विसर्जन किया

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो