हरदा

हवा आंधी में उड़े मकानों की छत पर लगे टीन, पेड गिरने से मार्ग हुए अवरूद्ध

खेतों में खड़ी एवं कटी पड़ी मूंग को हुआ नुकसान

हरदाJun 11, 2020 / 08:47 pm

gurudatt rajvaidya

हवा आंधी में उड़े मकानों की छत पर लगे टीन, पेड गिरने से मार्ग हुए अवरूद्ध

पत्रिका टीम हरदा. जिले में बुधवार रात को तेज हवा आंधी के साथ कुछ क्षेत्र में बारिश भी हुई। इस दौरान कई मकानों की छत में लगे टीन एवं खपरेल उड़ गए। पेड़ों के गिरने से रास्ते बंद हो गए। कुछ गांवों में बिजली के खंबे गिर गए। इससे ग्रामीणों को अंधेरे में रात काटने पर मजबूर होना पड़ा। इसके अलावा खेतों में खड़ी एवं काटकर रखी मूंग की फसल को भी नुकसान हुआ है। अचानक चली तेज हवा ने ग्रामीणों को संभलने तक का मौका नहीं दिया। गुरुवार को प्रभावित ग्रामीण अपने मकानों को छत को व्यवस्थित करने में लगे रहे। बिजली कंपनी के कर्मचारी बिजली के खंबें खड़े करने के साथ ही व्यवस्था को दुरूस्त करने की मशक्कत करते नजर आए।
खिरकिया के उत्कृष्ट विद्यालय के कक्षों की उड़ी छत-
खिरकिया. शासकीय विद्यालयों के भवन कितने मजबूत और सुरक्षित है, इसकी पोल बुधवारा रात में चली तेज हवा आंधी ने खोल दी है। ऐसे में शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते है। नगर के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के ४ कक्षों की छते तेज हवा आंधी में उड़ गई। कबूल टूटकर नीेचे गिर गए। विद्यालय में गत वर्ष ही पीडब्ल्यू विभाग द्वारा छतों का मरम्मत कार्य किया गया था। वर्तमान में बोर्ड परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसमें उत्कृष्ट विद्यालय को भी केन्द्र बनाया गया है। यह तो गनीमत रही कि यह घटना रात में हुई नहीं तो बड़ी दुर्घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता था। आगामी दिनों में विद्यालय खुलेंगे। बारिश का भी सीजन रहेगा। ऐसे में इन कक्षों में दोबारा सुधार की आवश्यकता होगी। बीईओ एएस राजपूत ने अपने दल के साथ स्कूल का भ्रमण कर अवलोकन किया। राजपूत ने कहा कि हवा आंधी के कारण उत्कृष्ट विद्यालय के चार कक्षों की छतें प्रभावित हुई है। छतों को दुरूस्त कराने के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।
कई स्थानों पर गिरे पेड़-
तेज हवा आंधी के कारण उत्कृष्ट विद्यालय में लगा 10-15 वर्ष पुराना आम का पेड़ भी गिर गया। कई कच्चे मकानों की टीन उड़ गईं। दीवारे भी गिर गई। होशंगाबाद खंडवा स्टेट हाइवे पर पोखरनी में पेट्रोल पंप के समीप पेड़ की मार्ग पेड़ की टहनी पर गिर गई। इससे लोगों को आवागमन करने में परेशानी हुई। चारूवा के नवोदय विद्यालय सहित अन्य स्थानों पर करीब एक दर्जन पेड़ गिर गए। स्कूल परिसर की प्राकृतिक संपदा को काफी नुकसान हुआ।
मकानों के टीन उडऩे से भींगा सामान-
मसनगांव. तेज हवा आंधी से गांव सहित क्षेत्र के कई पेड़ धराशायी हो गए। स्टेट हाइवे पर मसनगांव से कांकरिया के बीच ही लगभग 4 पेड़ सड़क पर गिर गए। इससे आवागमन प्रभावित हुआ। सिराली मार्ग तिराहे पर नीलगिरी के पेड़ की टहनी बिजली लाइन पर गिरने से तार टूट गया। इससे रात भर विद्युत प्रदाय बंद रहा। भीषण गर्मी मेें रात भर चेन सो भी नहीं सके। कई मकानों के टीन उड़ गए। इससे मकानों के अंदर रखा सामान भींग गया। हवा आंधी के साथ बारिश के कारण खेतों में कटी पड़ी मूंग की फसल भीगने से खराब हो गई।
३३ केवी के खंबे गिरने से कई गांवों में गुल रही बिजली –
करताना. करताना क्षेत्र में हवा आंधी के कारण पुरा गांव के पास 33 केवी लाइन के 2 खंबे टूट गए। इसके अलावा सोनखेड़ी बनखेड़ी के बीच एक खंबा गिरने से करताना पोखरनी सहित अन्य कई गांवों की बिजली रात से ही गुल है। विविके करताना के जेई महेंद्रसिंह गोंडा बताया कि हवा आंधी में गिरे खंबों का सुधार कार्य कराया जा रहा है। कार्य पूरा होते ही क्षेत्र की बिजली सप्लाई चालू कर दी जाएगी। तजपूरा क्षेत्र में धूल भरी हवाएं तो चली लेकिन बारिश नहीं हुई।
हवा आंधी के साथ ४५ मिनिट हुई बारिश-
चारखेड़ा.गांव सहित क्षेत्र में तेज हवा आंधी के साथ करीब ४५ मिनिट बारिश हुई। इससे किसानों की मूंग की फसल गीली हो गई। कुछ किसानों ने समय रहते मूंग को सुरक्षित स्थानों पर रखा। आंधी के कारण कच्चे मकानों की छत उड़ गईं। इससे उनके घरों में पानी भरा गया। समान भींग गया। गांव के पेड़ भी टूट गए।
हवा आंधी के साथ हुई बारिश-
मांदला. गांव में हवा आंधी के साथ बारिश हुई। कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। खेतों में कटी पड़ी मंूग की फसल भींगने से किसानों का नुकसान हुआ। गुरुवार सुबह मौसम खुलने के बाद किसान अपनी भींगी फसल को सुखाने की कवायद करते रहे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.