scriptजानें क्या है विधानसभा हरदा के संभावित प्रत्याशियों का विजन | Vision of possible candidates of the | Patrika News

जानें क्या है विधानसभा हरदा के संभावित प्रत्याशियों का विजन

locationहरदाPublished: Oct 10, 2018 10:57:29 pm

Submitted by:

sandeep nayak

विधानसभा हरदा : शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाना जरूरी

Vision of possible candidates of the Assembly Harda

संभावित उम्मीदवारों ने पत्रिका को अपना विजन बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं।

हरदा। पत्रिका के चेंजमेकर अभियान के अंतगर्त हम आपको जनता के जन एजेंडे के साथ संभावित प्रत्याशियों के विजन से भी अवगत करा रहे हैं। जानें मध्यप्रदेश के हरदा विधानसभा के संभावित प्रत्याशियों का विजन।
मनीष शर्मा, बाबूजी (चेंजमेकर)
जब तक देश में शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत नहीं बनाया जा सकेगा तब हम सिर्फ सरकार के अधीन ही रहेंगे। इसकी बेहतरी के बगैर हमारी आने वाली पीढ़ी सक्षम नहीं बन सकेगी। मेरा विजन रहेगा कि ऐसे प्रयास हों जिससे जाति भेद खत्म हो। सभी को समानता का अधिकार मिले। आरक्षण आर्थिक आधार पर मिले, क्योंकि
गरीबी जाति देखकर नहीं आती। क्षेत्र की स्वास्थ्य, शिक्षा व्यवस्था में बदलाव लाएंगे। महिला व बुजुर्ग सहित हर वर्ग को सम्मान मिले ऐसे प्रयास रहेंंगे। क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना करना बेहद जरूरी है। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

डॉ. आरके दोगने, विधायक (कांग्रेस)
शहर में ओवरब्रिज न होने से बहुत समस्या आती है। इसके निर्माण को लेकर प्रयास किए जाएंगे। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। फूड पार्क स्थापित कराने के प्रयास होंगे। ताकि लोगों को सुविधा मिलने के साथ ही रोजगार के अवसर भी बढ़ें। शिक्षा के माहौल का विकास करना भी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। कृषि को बढ़ावा देने के लिए कृषि महाविद्यालय की स्थापना बेहद जरूरी है। मौजूदा कार्यकाल में भी इसके प्रयास किए गए। आगे भी इसके प्रयास किए जाएंगे। युवाओं को बेहतर शिक्षा के साथ रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास भी किए जाएंगे।

हेमंत टाले, पूर्व नपाध्यक्ष (कांग्रेस)
कृषि आधारित जिले में रोजगार के अवसर तैयार किए जाएंगे। किसान आत्मनिर्भर हों, युवाओं को रोजगार मिले इसके प्रयास किए जाएंगे। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी जो कमियां है उन्हें प्राथमिकता से दूर किया जाएगा। खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। कृषि उपज का पूरा लाभ मिलना जरूरी है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। अभी किसान दूसरों पर निर्भर है, वे आत्मनिर्भर बनें। यह तय करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। कम संसाधन और सुविधाओं के बावजूद खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। उन्हें आगे लाने के और अवसर प्रदान किए जाएंगे। खेल संस्कृति को बढ़ाया जाएगा। इससे स्वास्थ्य के क्षेत्र में खर्च होने वाले बजट में भी कमी आएगी। इससे क्षेत्र की पहचान भी बनेगी। शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन किया जाएगा।

कमल पटेल, पूर्व मंत्री (भाजपा)
हरदा जिला हर क्षेत्र में नंबर वन बने यह बेहद जरूरी है। जिले में पहले भी सड़कों का जाल बिछाया जा चुका है। सड़क विहीन गांवों में सड़क बनाई जाएगी। जहां कमियां है उन्हें भी दूर किया जाएगा। जिले को 100 प्रतिशत सिंचित करना पहली प्राथमिकता। पिछले कार्यकाल में भी इसके प्रयास किए गए थे। नए विद्युत सब स्टेशन स्थापित करना प्राथमिकता में शामिल रहेगा। बिजली पहुंचने से जो गांव छूटे हैं वहां इसके प्रयास किए जाएंगे। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता है। कृषि आधारित उद्योग स्थापना भी प्राथमिकता में रहेगा। मेरा गांव मेरा तीर्थ अभियान चलाकर गांव तीर्थ बनें, ऐसे कार्य किए जाएंगे।
सुरेंद्र जैन, नपाध्यक्ष (भाजपा)
सबका साथ सबका विकास मेरा ध्येय रहेगा। कोई भी क्षेत्र अविकसित नहीं रहे इसके प्रयास होंगे। किसानों के लिए सिंचाई की व्यवस्था बेहद जरूरी है, ताकि उत्पादन बेहतर हो और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ बने। इसके लिए जिले को शत्-प्रतिशत सिंचित किया जाएगा। खेतों के गोहे बारिश में जाने लायक बनाए जाएंगे। मजदूरों, बुजुर्ग महिलाओं सहित अन्य हितग्राहियों के लिए योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर तरीके से किया जाएगा। ताकि कोई भी इनके लाभ से वंचित न रहे। विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षा और बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए सरकारी या निजी क्षेत्र में उद्योग स्थापित कराए जाएंगे। असामाजिक और गुंडा तत्वों तथा भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सबसे पहले मुहिम छेड़ी जाएगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो