scriptअखिलेश का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला, संकल्प पत्र को बताया धोखे का पत्र, सीमाओं की हिफाजत पर भी बोले, देखें वीडियो | akhilesh yadav big attack on bjp govt before lok sabha election | Patrika News

अखिलेश का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला, संकल्प पत्र को बताया धोखे का पत्र, सीमाओं की हिफाजत पर भी बोले, देखें वीडियो

locationहाथरसPublished: Apr 09, 2019 03:13:59 pm

Submitted by:

suchita mishra

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव आज सिकंदराराउ के नगर पालिका मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे।

हाथरस। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव आज सिकंदराराऊ के नगर पालिका मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस बीच उन्होंने सभास्थल पर मौजूद लोगों को आभार व्यक्त करते हुए गठबंधन प्रत्याशी रामजी लाल सुमन को जिताने की अपील की। संबोधन के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा पर झूठ बोलने और संविधान खतरे में डालने का आरोप लगाया।
भाजपा नहीं देश की वजह से सुरक्षित हैं सीमाएं
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने कोई वादे पूरे नहीं किए। अखिलेश ने कहा कि सीमा पर हमारे जवान शहीद हो रहे हैंं और वे लोग कहते हैं कि सरकार भाजपा की है इसलिए देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। सपा मुखिया ने कहा कि सरकारें तो आती जाती रहती हैं। सीमाएं सरकार की वजह से नहीं हमारे वीरों की वजह से सुरिक्षत हैं। एफ 16 गिराने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सवाल पूछने पर नाराज हो जाते हैं। क्या लोकतंत्र में सवाल नहीं पूछ सकते। उन्होंने कहा कि संविधान खतरे में है। संविधान में दिए गए अधिकार खतरे में हैं।
संकल्प पत्र को बताया धोखे का पत्र
भाजपा के संकल्प पत्र पर बोलते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपना 2014 का संकल्प पत्र भी पूरा नहीं किया, उस सरकार का ये संकल्प पत्र कैसे हो सकता है। उन्होंने भाजपा के संकल्प पत्र को धोखे का पत्र बताया। अखिलेश ने कहा इस सरकार ने जनता को धोखा दिया है। कहा कि हम किसानों की आय दोगुनी कर देंगे, किसान का डेढ़ गुना मुनाफा होगाए हम आलू खरीदेंगे। सरकार ने कितना आलू खरीदा बताओ? इस दौरान अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि भारत को सबसे अच्छी गुणवत्ता वाले लड़ाकू विमान दिलाने का श्रेय समाजवादी लोगों को जाता है। रक्षा मंत्री रहते हुए नेता जी मुलायम सिंह यादव ने देश को सबसे बेहतरीन लड़ाकू विमान दिए थे।
महागठबंधन से डरी भाजपा को नींद नहीं आती
अखिलेश यादव से जनता को संबोधित करते हुए कहा कि सपा, बसपा और रालोद के गठबंधन से भारतीय जनता पार्टी इतनी घबराई हुई है कि उन्हें अब रात में 3:00 बजे तक नींद नहीं आ रही है। सोचिए फिर सुबह क्या प्रचार कर पाते होंगे। जो रात में 3:00 बजे तक जागते होंगे, वे सुबह कितने बजे उठ पाते होंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि जो दिन में चार बार भी प्रचार कर लेगा, 11:00 बजे से पहले उसकी आंखें बंद हो जाएंगी। वो सो जाएगा। अखिलेश ने आगे कहा कि उन्हें रात में नींद इसलिए नहीं आ रही है क्योंकि ये महागठबंधन महामिलावट नहीं है, ये महागठबंधन महापरिवर्तन की आवाज दे रहा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो