हाथरस

Big News: बसपा को तगड़ा झटका देकर बसपा नेता रामवीर उपाध्याय के भाई हुए भाजपाई

पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय के भाई मुकुल उपाध्याय ने ली भाजपा की सदस्यता

हाथरसFeb 25, 2019 / 06:38 pm

अभिषेक सक्सेना

bsp

हाथरस। सपा बसपा गठबंधन को कड़ी चुनौती उसके घर से ही मिलने वाली है। हाथरस से पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय के भाई मुकुल उपाध्याय लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। पार्टी की सदस्यता मुकुल उपाध्याय ने लखनऊ में ली। आगरा, हाथरस और अलीगढ़ में उनके समर्थकों में जोश का माहौल है।
मुकुल ने लगाए थे गंभीर आरोप
बसपा ने पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय को निष्कासित किया था। इसके बाद उन्होंने मायावती पर गंभीर आरोप लगाए थे। पूर्व एमएलसी ने आरोप लगाया था कि उनसे 5 करोड़ रुपए बसपा के कॉर्डिनेटर रणवीर सिंह कश्यप द्वारा मांगे गए थे। बता दें कि इससे पहले बसपा के कदावर नेता रहे नसीमुद्दीन सिद्दकी, स्वामी प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक व कई अन्य बड़े नेता यह बात कह चुके हैं कि बसपा सुप्रीमो मायावती रुपए मांगती है। आरोप लगाए थे कि उनके बड़े भाई रामवीर उपाध्याय व भाभी सीमा ने साजिश रचकर उनका निष्कासन कराया। ये दोनों उनके बढ़ते राजनीतिक कद को देखकर ईर्ष्या मानते हैं। अलीगढ़ लोकसभा क्षेत्र से रामवीर उपाध्याय खुद लड़ना चाहते थे।
भाजपा में आने के बाद ब्राह्मण वोट
हाथरस और अलीगढ़ लोकसभा सीट पर ब्राह्मण वोट बैंक में भारतीय जनता पार्टी बड़ी सेंधमारी कर सकती है। मुकुल उपाध्याय के शामिल होने से गठबंधन को तगड़ा झटका लग सकता है। मुकुल के साथ कई कद्दावर नेता भी बसपा का दामन छोड़ सकते हैं।

Home / Hathras / Big News: बसपा को तगड़ा झटका देकर बसपा नेता रामवीर उपाध्याय के भाई हुए भाजपाई

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.