हाथरस

लड़का पैदा न करने पर रोज पीटता था पति, पत्नी ने मायके में शिकायत की तो हैवान पति ने पलभर में उजाड़ दिया परिवार, पढ़िए दर्दनाक खबर!

महिला के फोन के बाद बचाने पहुंचे इकलौते भतीजे को उसके पति ने मौत के घाट उतार दिया।

हाथरसJan 18, 2019 / 01:38 pm

suchita mishra

murder

हाथरस। जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति रोजाना अपनी पत्नी को लड़का पैदा न करने के कारण पीटता था। गुरुवार की शाम जब पति शराब पीकर पत्नी को पीट रहा था तो पत्नी ने ये समझकर मायके में फोन कर दिया कि वे लोग उसकी जान बचा लेंगे, लेकिन उसे क्या पता था कि उसका एक फोन पलभर में उसके परिवार की दुनिया उजाड़ देगा। फोन आने पर महिला का 17 वर्षीय इकलौता भतीजा अपने कुछ दोस्तों के साथ बुआ को बचाने पहुंच गया। इस बीच पहले तो महिला के ससुरालीजनों ने महिला के भतीजे व उसके साथियों को बुरी तरह पीटा, फिर उसके पति ने लाइसेंसी बंदूक से उसे गोली मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये है पूरा मामला
दस साल पहले कोतवाली सदर क्षेत्रान्तर्गत चक्की बाजार निवासी अजेंद्र सिंह एडवोकेट की सगी बहन सीमा की शादी अरविंद पुत्र भगवान सिंह निवासी एवरनपुर हाल निवासी इंदिरा नगर कॉलोनी थाना हाथरस गेट के साथ हुई थी। अरविंद वसुंधरा ग्रुप में अकाउंटेंट की नौकरी करता है। वो और उसका परिवार काफी पुरानी सोच के हैं। शादी के बाद सीमा ने दो बेटियों को जन्म दिया। आरोप है कि अरविंद व अन्य ससुरालीजन सीमा को बेटे न होने का ताना देते थे और उससे मारपीट करते थे। सीमा के मुताबिक इसके बाद वो दो बार फिर गर्भवती हुई तो ससुरालीजनों ने उसका गर्भपात इसलिए करा दिया क्योंकि उसके गर्भ में बच्चियां ही थीं। गुरुवार को जब उसका पति अरविंद शराब के नशे में उसे पीट रहा था तो उसका सब्र का बांध टूट गया और उसने मायके में बचाने के लिए फोन कर दिया।
घर पर बुआ के पिटने की सूचना मिलने के बाद सीमा का भतीजा दीपेंद्र उर्फ कृष्णा पुत्र अजेंद्र सिंह अपने साथियों को लेकर बुआ को बचाने पहुंचा। जब उसने सीमा को बचाने की कोशिश की तो अरविंद और उसके परिजनों ने कृष्णा और उसके साथियों के साथ भी मारपीट की। इसी दौरान अरविंद अपनी लाइसेंसी रायफल से कृष्णा पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तब तक वहां कृष्णा के पिता अजेंद्र सिंह व उसके साथ कुछ लोग पहुंच गए। कृष्णा को घायल देख इन लोगों ने अरविंद को रायफल की बटों व लात-घूसों से पीटकर अधमरा कर दिया। फिलहाल पुलिस ने अरविंद को उपचार के लिए अलीगढ़ भिजवा दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

Home / Hathras / लड़का पैदा न करने पर रोज पीटता था पति, पत्नी ने मायके में शिकायत की तो हैवान पति ने पलभर में उजाड़ दिया परिवार, पढ़िए दर्दनाक खबर!

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.