scriptSIROHI- कागजों में ही ठीक कर दिए गए 3026 हैंडपम्प! | Handpump in the district is bad | Patrika News
जयपुर

SIROHI- कागजों में ही ठीक कर दिए गए 3026 हैंडपम्प!

जलदाय विभाग के विशेष मरम्मत अभियान की खुली पोल, लगभग हर गांव में बदहाल पड़े हैंडपम्प

जयपुरMar 25, 2017 / 10:48 am

rajendra denok

 गर्मी की दस्तक के साथ ही पेयजल संकट सामने आने लगा है। पेयजल मुहैया कराने की कवायद में जलदाय विभाग ने हाल ही में हैंडपम्प मरम्मत के लिए विशेष अभियान चलाया, लेकिन आंकड़ों की तह में जाए तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक जिलेभर में 8333 में से 3059 हैंडपम्प खराब बताए गए। अभियान के तहत इसमें से 3026 हैण्डपम्प ठीक किए जा चुके हैं, लेकिन वास्तविक रूप से इनमें से अधिकतर हैंडपम्प अभी खराब ही है।

कारगर साबित नहीं हुआ अभियान
अभियान एक अप्रेल, 2016 से 10 जनवरी, 2017 तक चलाया गया। इसके तहत पूरा ताम-झाम किया गया। हैंडपम्प ठीक करने के लिए 16 मिस्त्री व 50 सहायक कर्मचारी लगाए गए। आठ वाहनों की व्यवस्था की गई। साथ ही 1489 मीटर 32 एमएम का जीआई पाइप काम में लिया गया, लेकिन यह अभियान कारगर साबित नहीं हुआ।

गांवों में स्थिति बदतर

कई गांवों में हैंडपम्प अब भी खराब है। ऐसे में ग्रामीणों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। जिले में अधिकांश गांव तो ऐसे हैं जो केवल हैंडपम्पों पर ही निर्भर रहते हैं, लेकिन विभाग की लापरवाही से इन ग्रामीणों को पीने का पानी भी नसीब नहीं है। हालांकि लोग प्यास बुझाने के लिए इधर-उधर से जुगाड़ तो करते है, लेकिन काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आज भी आदिवासी क्षेत्र में हैंडपम्प खराब है।

पानी की किल्लत
दांतराई. कस्बे के वार्ड संख्या छह में गर्मी शुरू होते ही पानी की किल्लत शुरू हो गई है। वार्डमें ही पंचायत ने लाखों रुपए खर्च कर पानी की टंकी बनाई गई थी, लेकिन पानी नहीं आने से लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। उधर शीतला माता, रेबारीवास, मेघवाल वास, मामाजी मंदिर के पास, आंगनबाड़ी केन्द्र के पास, भील बस्ती, हरीजन बस्ती अन्य छह हैंडपम्प खराब होने से लोग परेशान है।

नाम कुल हैंडपम्प खराब सही किए सूखे पाए गए
सिरोही (ग्रामीण) 1185 282 280 60
शिवगंज 1296 268 262 48
पिण्डवाड़ा 1493 263 260 50
आबूरोड 1478 530 525 95
रेवदर 1550 922 918 210
माउंट आबू 14 0 0 0
सिरोही (शहरी) 300 175 171 08
शिवगंज 450 267 267 0
पिण्डवाड़ा 140 125 121 2
आबूरोड 307 185 82 0
माउंट आबू 120 42 40 0


जलापूर्ति के बाद हैंडपम्प हुए बेसहारा
्रआबूरोड. शहर में गत अक्टूबर से नियमित जलापूर्ति शुरू होने के बाद पग-पग पर लगे हैण्डपम्प बेसहारा होने की स्थिति में आ गए है। बंद हैंडपम्पों की मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं दे रहा। शहर में गांधीपार्क के पास स्थित हैण्डपम्प महीनेभर से खराब पड़ा है। स्थानीय निवासी गणेशभाई ने बताया कि खूब चलाने पर मामूली पानी निकलता है। कई बार शिकायत की, पर मरम्मत नहीं हुई। प्लेटफार्म भी टूटा पड़ा है। मरम्मत मांग रहा है। सिंधी कॉलोनी में अम्बाजी मंदिर के पीछे स्थित हैंडपम्प सात-आठ साल से बंद पड़ा है। ईश्वर कलवानी ने बताया कि आरम्भ में तो लोगों ने खूब शिकायतें की, पर मरम्मत नहीं हुई तो लोगों ने शिकायत करनी ही बंद कर दी। उधर, आर्य समाज स्कूल के पास निवासरत शकील भाई ने बताया कि स्कूल के पास का हैंडपम्प दो-तीन साल से बंद पड़ा है। कोई सुध नहीं ले रहा है। लोगों ने बताया कि नियमित जलापूर्ति के कारण खास दिक्कत तो पेश नहीं आ रही है पर इमरजेन्सी में जरूर परेशानी झेलनी पड़ती है।

हैण्डपम्प खराब होने से भटक रहे ग्रामीण
रोहिड़ा.
स्थानीय वासा रोड स्थित चैनाजी की ढाणी में हैण्डपम्प खराब होने से ग्रामीण पानी के लिए दूर-दराज भटकने को मजबूर है। स्थानीय ग्राम पंचायत के चैनाजी की ढाणी में 3 हैण्डपम्प है, लेकिन तीनों ही अनुपयोगी होने से आसपास के रहवासियों को पानी के लिए कुओं पर पानी भरने के लिए जाना पड़ता है। वहीं पास ही पुलिस थाना होने से वहां पर भी आने वाले लोगों को व पुलिस के स्टाफ को भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। यही स्थिति वासा, वाटेरा, भीमाणा, भारजा के गांवों में है।

पानी को तरस रहे ग्रामीण
सरूपगंज.
स्थानीय राजमार्ग के पास रेबारीवास स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र व उसके पास कई दिनों से हैण्डपम्प खराब होने से ग्रामीण पानी को तरस रहे है। जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी केन्द्र के पास हैण्डपम्प कई दिनों से खराब पड़ा है। महज ही कुछ ही कदमों पर पानी की टंकी बनी हुई है। जिससे कस्बे के आधे से ज्यादा घरों में पानी सप्लाई होता है, लेकिन आंगनबाड़ी में पानी का कनेक्शन नहीं होने से बच्चों और महिलाओं हलक तर करने के लिए दूर दराज जाना पड़ता है। लिखित और मौखिक जानकारी जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। नितोड़ा, धनारी, काछोली, खाखरवाड़ा, अचपुरा क्षेत्र में भी कई हैण्डपम्प अनुपयोगी होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Home / Jaipur / SIROHI- कागजों में ही ठीक कर दिए गए 3026 हैंडपम्प!

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो