scriptभाजपा अध्यक्ष अमित शाह अगले माह हरियाणा दौरे पर | BJP president Amit Shah will visit Haryana next month | Patrika News

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अगले माह हरियाणा दौरे पर

locationहिसारPublished: Jan 09, 2018 09:47:26 pm

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अगले माह हरियाणा दौरे पर आ रहे हैं।

Amit Shah

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अगले माह हरियाणा दौरे पर आ रहे हैं। हरियाणा भाजपा ने अमित शाह के हरियाणा दौरे की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए सत्ता व संगठन से जुड़ा शीर्ष नेतृत्व रोड़ मैप तैयार कर रहा है। माना जा रहा है कि अमित शाह के हरियाणा दौरे के बाद सत्तारूढ़ भाजपा जहां चुनावी मोड में आ जाएगी वहीं भाजपा की मोटरसाइकिल रैली के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा में रैली कर सकते हैं।


इससे पूर्व अमित शाह ने पिछले वर्ष अगस्त माह में उन्होंने रोहतक में तीन दिन का प्रवास किया था। इसी प्रवास के दौरान शाह ने राज्य सरकार व संगठन को मोटरसाइकिल यात्रा की प्लाङ्क्षनग करने के निर्देश दे दिए थे। छह माह पूर्व सरकार व संगठन के लिए तय किए कार्यों की समीक्षा भी शाह अपने हरियाणा दौरे के दौरान करेंगे।


पिछले साल अगस्त माह के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री तथा मंत्रियों द्वारा अनदेखी किए जाने तथा समय न दिए जाने का मुद्दा उठाया था। अमित शाह ने सभी मंत्रियों तथा मुख्यमंत्री को सप्ताह में दो दिन कार्यकर्ताओं के लिए निर्धारित करने के निर्देश दिए थे। शुरूआती दौर में हरियाणा के मंत्रियों ने इसे गंभीरता से लिया लेकिन बाद में कोई भी गंभीर नहीं दिखाई दिया।

हरियाणा की अफसरशाही द्वारा भाजपा के जिला तथा विधानसभा स्तर के कार्यकर्ताओं की अनदेखी किए जाने का मुद्दा भी उठ चुका है। इस मामले में भी अभी तक कोई सुधार नहीं हुआ है। सूत्रों के अनुसार अमित शाह फरवरी में हरियाणा आकर नेताओं व पार्टी विधायकों से भी सरकार के कामकाज पर फीडबैक लेंगे।


अमित शाह के हरियाणा आगमन के दौरान प्रदेश भाजपा का युवा मोर्चा इस मोटरसाइकिल यात्रा का आयोजन करेगा। आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की साप्ताहिक बैठक में भी इस बारे विचार-विमर्श किया गया। हालांकि अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि शाह का विस्तृत कार्यक्रम क्या रहेगा लेकिन इसे आगामी सप्ताहभर में अंतिम रूप दिया जा सकता है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला पूरे कार्यक्रम को लेकर अमित शाह की टीम से संपर्क साधेंगे।


हरियाणा भाजपा के अधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा सरकार ने लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव करवाने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री मनोहरलाल खुद यह घोषणा कर चुके हैं। दस लोकसभा सीटों वाले हरियाणा में तीन सीटों-रोहतक, हिसार व सिरसा में विपक्ष के सांसद हैं। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के निर्वाचन क्षेत्र रोहतक में अमित शाह पहले ही तीन दिन लगा चुके हैं। अब इनेलो के कब्जे वाले सिरसा व हिसार पर उनकी नजर है।


राजनीतिक परिस्थितियों को देखकर ही मोटरसाइकिल यात्रा का रूट तय होगा। अभी यह तय होना भी बाकी है कि इस यात्रा से पहले या बाद में रैली भी की जाएगी या नहीं। पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा अध्यक्ष अपनी मोटरसाइकिल यात्रा हिसार या सिरसा संसदीय क्षेत्र से शुरू कर सकते हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो