scriptमानुषी छिल्लर पर हुड्डा व खट्टर में जुबानी जंग तेज | Hooda and Khutter on Manushi Chillar Jubani Jung | Patrika News

मानुषी छिल्लर पर हुड्डा व खट्टर में जुबानी जंग तेज

locationहिसारPublished: Nov 25, 2017 12:01:53 am

हरियाणवी मूल की मिस वल्र्ड मानुषी छिल्लर को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के बीच छिड़ी जंग

Manushi Chillar

चंडीगढ़। हरियाणवी मूल की मिस वल्र्ड मानुषी छिल्लर को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के बीच छिड़ी जंग लगातार तेज होती जा रही है। दोनों एक दूसरे पर जहां पलटवार में लगे हुए हैं वहीं इन सियासी विवादों के बीच आगामी 30 नवंबर को मानुषी छिल्लर हरियाणा में आ रही हैं। जहां वह कुरूक्षेत्र स्थित गीता जयंती समारोह में शामिल होंगी।


मानुषी छिल्लर के मिस वल्र्ड बनने के बाद पुरस्कार राशि पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के बीच जुबानी जंग चल रही है। हुड्डा ने गत दिवस मुख्यमंत्री की कोई बेटी नहीं होने तथा उनके द्वारा बेटियों की अहमियत नहीं समझ पाने की गई टिप्पणी पर मनोहर लाल ने कड़ा प्रहार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे लिए पूरा हरियाणा परिवार है, लेकिन मैैं हैरान इस बात पर हूं कि जिन्होंने दस साल तक बेटियों को कोख में मरने दिया, वह बेटियों की चिंता करने का ढकोसला कर रहे हैैं।


मुख्यमंत्री हुड्डा ने मानुषी छिल्लर को पांच सौ गज का प्लाट और छह करोड़ रुपये का पुरस्कार देने की मांग सरकार से की थी। इस मांग के हक में हुड्डा की दलील दी कि जिस तरह विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाता है, उसी तर्ज पर मानुषी को भी पुरस्कृत किया जाए। हुड्डा की मांग पर मनोहर लाल ने जवाब दिया कि हुड्डा अपने कार्यकाल में प्लाट ही बांटते रहे हैैं। इसलिए उन्हें सपने में भी पैसा और प्लाट दिखाई देते हैैं।


मनोहर लाल की इस टिप्पणी पर हुड्डा ने पलटवार करते हुए जवाब दिया कि मुख्यमंत्री की इसमें कोई गलती नहीं है, क्योंकि उनकी अपनी कोई बेटी नहीं है, इसलिए वह बेटियों की अहमियत नहीं समझ सकते। हुड्डा का यह बयान आते ही शुक्रवार को मनोहर लाल ने कहा कि हुड्डा की व्यक्तिगत टिप्पणी राजनीति का ओछा स्वरूप है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि मैैंने हुड्डा की सोच पर टिप्पणी की थी, लेकिन मुझे उनकी अजीब टिप्पणी पर फर्क नहीं पड़ता, मगर यह सही है कि मेरी अपनी पत्नी, बेटा या बेटी नहीं है। मैैंने कभी इनकी कमी महसूस भी नहीं की, क्योंकि मेरे लिए पूरा हरियाणा ही मेरा परिवार है। खट्टर ने कहा कि 1947 के बाद से राज्य में सिर्फ एक महिला थाना था, लेकिन हमने तीन साल में 22 महिला थाने बनाए। हर 20 किलोमीटर की दूरी पर महिला कालेज का लक्ष्य लेकर हम चल रहे। पिछले दिनों एक साथ 21 कालेजों का शिलान्यास किया।


सीएम यहीं नहीं रुके उन्होंने हुड्डा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दस सालों में हुड्डा ने कभी बेटियां बचाने की चिंता नहीं की। उनके कार्यकाल में ***** अनुपात एक हजार लडक़ों पर 830 से 832 हुआ करता था। आज वार्षिक ***** अनुपात 911 और मासिक ***** अनुपात 937 पर पहुंच गया है।

गीता जयंती में 30 नवंबर को शामिल होंगे मिस वल्र्ड
विश्व सुंदरी बनने के बाद मानुषी छिल्लर 30 नवंबर को पहली बार हरियाणा पहुंचेंगी। इस दिन वह कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में भागीदारी करेंगी। इसके अलावा एक दिसंबर को सोनीपत के भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां में आयोजित कार्यक्रम में भागीदारी करेंगी। मानुषी के हरियाणा आगमन की जानकारी मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मानुषी का पूरा मान सम्मान करेगी तथा उन्हें राज्य व देश के हित में क्या जिम्मेदारी सौंपी जाए, इस बारे में मानुषी से ही उनकी इच्छा पूछने के बाद कोई फैसला लिया जाएगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो