scriptकांग्रेस व भाजपा की नीतियां रही दलितों व आदिवासियों के खिलाफ-मायावती | mayawati said policies of congress and bjp was bad for dalits | Patrika News

कांग्रेस व भाजपा की नीतियां रही दलितों व आदिवासियों के खिलाफ-मायावती

locationहिसारPublished: May 09, 2019 10:01:42 pm

Submitted by:

Prateek

कांग्रेस ने जहां गरीबों का किया शोषण, वहीं भाजपा आरक्षण को समाप्त करने का कर रही काम-मायावती

mayawati

mayawati

(कुरुक्षेत्र,हिसार): बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आज बहुजन समाज पार्टी व लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी गठबंधन की मेला ग्राउंड में आयोजित संयुक्त रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जबरदस्त हमले करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलित व आदिवासियों को दबाने का काम किया। कांग्रेस की नीतियां हमेशा गरीबों के खिलाफ रही हैं। इतना ही नहीं मायावती ने कांग्रेस के साथ साथ भाजपा पर भी करारा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा आरक्षण को समाप्त करने की साजिश रच रही है। देश का दलित व आदिवासी समाज भाजपा की इस साजिश को सफल नहीं होने देगा।


मायावती ने रक्षा सौदे व आतंकवाद के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं हैं। रोजाना सेना के जवान शहीद हो रहे हैं। नोटबंदी व जीएसटी के कारण उधोग धंधे ठप्प होकर रह गए हैं। भाजपा सरकार ने बिना किसी योजना के देश में नोटबंदी व जीएसटी को लागू किया है। इसका सीधा लाभ बढ़े घरानों, पूंजीपतियों और भाजपा के सहयोगियों को हुआ है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की देश की आजादी के बाद से लंबे समय से केंद्र में सरकार रही है। इसके अलावा देश के कई राज्यों में भी कांग्रेस की सरकार रही। कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण देश में गरीबी व बेरोजगारी दूर नहीं हुई और ना ही किसान खुशहाल हुआ। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने दलितों को आरक्षण का लाभ तक नहीं दिया। कांग्रेस की इन्हीं गलत नीतियों के चलते ही 14 अप्रैल 1983 को कांशी राम ने बाबा साहेब की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए दलित समाज में सामाजिक व राजनीतिक चेतना जागृत करने के लिए बहुजन समाज पार्टी का गठन किया था। बसपा के गठन के बाद से कांग्रेस ने बसपा को कमजोर करने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न तक नहीं दिया। उन्होंने खुलासा करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह ने सरकार में शामिल होने के लिए बसपा को आमंत्रित किया था और बसपा ने वीपी सिंह के सामने डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न देने और मंडल कमीशन की रिपोर्ट को लागू करने की दो मांगें रखी थी। जो वीपी सिंह ने मान ली थी।


भाजपा पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा पत्र में किया गया कोई भी वायदा पूरा नहीं किया गया, केवल नौटंकी की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा जितनी मर्जी ताकत लगा ले चौकीदार की नौटंकी किसी काम नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2014 में अच्छे दिन देने का वायदा किया था, लेकिन एक चौथाई काम भी पूरे नहीं किए गए। उन्होंने भाजपा व कांग्रेस पर हमले जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस की तरह भाजपा भी अपने विरोधियों को दबाने के लिए सीबीआई व ईडी का दुरुपयोग कर रही है।


कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि उसने गरीबों को लुभाने के लिए घोषणा पत्र में 72 हजार रुपये सालाना देने का जो वायदा किया है, वह भी केवल दिखावा मात्र है। उन्होंने ऐलान किया कि अगर केंद्र में बसपा को सरकार बनाने का मौका मिला तो बेरोजगारों को स्थायी रोजगार दिया जाएगा। हर हाथ को रोजगार के साथ साथ काम देने का काम किया जाएगा। उन्होंने देश हित में बसपा व लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि सर्वजनहिताय, सर्वजनसुखाय की नीति पर चलते हुए अधूरे सपने साकार करेंगे।

 

मायावती ने कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी शशि सैनी, अंबाला से नरेश सारन व चंडीगढ़ से बसपा प्रत्याशी प्रवीण टांक बाल्मीकि को जनता के सामने परिचय कराते हुए उन्हें जिताने का आह्वान किया। इससे पूर्व लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के सरंक्षक एवं सांसद राजकुमार सैनी ने भाजपा पर तीखे हमले बोलते हुए कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण आज देश में हालात खराब हो चुके हैं। देश के लोग अपने को असुरक्षित समझ रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को रद्दी की टोकरी में फैंका जा रहा है। संविधान के मौलिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। देश संविधान के मुताबिक नहीं चल रहा। प्रदेश आरक्षण की आग में कई बार जला। प्रदेश की बहु बेटियों पर बलात्कार की घटनाएं हुई, जिससे लगता है कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं है। उन्होंने कहा कि नौकरियों में भेदभाव किया जा रहा है।

 

इस मौके पर बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद मिश्रा, हरियाणा पंजाब चंडीगढ प्रभारी डा मेघराज, हरियाणा प्रभारी गुरमुख सिंह, यमुनानगर के जिला प्रधान धर्मपाल, बलबीर सिंह फौजी, प्रकाश आनंद, बसपा के जिला प्रधान मान सिंह, रोहताश रंगा, सुनील सभ्रवाल, धर्म सिंह क्रांति, सुनीता पांचाल, शकुंतला, रतन लाल बनवाल, प्रवीण बौद्ध सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो