scriptआरएसएस की विचाराधारा महिला विरोधी: सुष्मिता देव | RSS ideologue anti-women: Sushmita Dev | Patrika News

आरएसएस की विचाराधारा महिला विरोधी: सुष्मिता देव

locationहिसारPublished: Jan 19, 2018 10:57:23 pm

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्षा सुष्मिता देव ने कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार इस समय राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के इशारे पर काम करने वाली सरकार

Sushmita Dev

चंडीगढ़। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्षा सुष्मिता देव ने कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार इस समय राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के इशारे पर काम करने वाली सरकार बन गई है और संघ की समूची विचारधारा महिला विरोधी है। हरियाणा में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही दुष्कर्म व हत्या की घटनाओं के बाद आज महिला कांग्रेस ने सुष्मिता देव के नेतृत्व में राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी को ज्ञापन दिया।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आरएसएस हमेशा ही महिला विरोधी रही है। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की वकालत करते हुए महिला कांग्रेस अध्यक्षा ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले महिलाओं को सदन में 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की वकालत करते हुए इसे अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल किया था।


कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर यह आश्वासन दिया था कि अगर भाजपा यह प्रस्ताव लाती है तो कांग्रेस इसका पूरी तरह समर्थन करेगी। इसके बावजूद कार्यकाल के साढे तीन साल पूरे होने के बावजूद सरकार महिला आरक्षण विधेयक लाने से भाग रही है। क्योंकि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नेता महिला आजादी के विरूद्ध हैं।


सुष्मिता देव ने हरियाणा में बलात्कार पीडि़त परिवारों से मुलाकात करने के बाद बताया कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले कहा था कि हरियाणा में महिला उत्पीडऩ की घटनाओं को रोकने के लिए लड़कियों के स्कूलों व कालेजों के बाहर महिला पुलिस तैनात की जाएगी। स्कूलों व कालेजों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और कालेजों में सरकार द्वारा लड़कियों के आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके बावजूद खट्टर सरकार अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में एक भी वादा पूरा करने में फेल साबित हुई है और आज हरियाणा में महिलाओं के प्रति अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं।


इस अवसर पर बोलते हुए हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने कहा कि राज्यपाल ने महिला कांग्रेस के शिष्टमंडल को आश्वासन दिया है कि वह जल्द से जल्द सरकार से इस बारे में रिपोर्ट तलब करेंगे। किरण चौधरी ने कहा कि अगर राज्यपाल ने हरियाणा सरकार से महिला अपराधों पर रिपोर्ट तलब नहीं की तो बहुत जल्द मुख्यमंत्री आवास के घेराव का कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। इस अवसर पर महिला कांग्रेस प्रभारी नीतू वर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्षा सुमित्रा चौहान, चित्रा सरवारा, रणजीता मेहता के अलावा कई महिला नेत्रियां मौजूद थी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो