scriptहरियाणा में चुनाव मोड पर आप, दो लाख परिवारों को जोडऩे का लक्ष्य | you aim to connect two lakh families on election mode in Haryana | Patrika News

हरियाणा में चुनाव मोड पर आप, दो लाख परिवारों को जोडऩे का लक्ष्य

locationहिसारPublished: Sep 03, 2018 10:37:05 pm

हरियाणा में लोकसभा और विधानसभा लडऩे का ऐलान कर चुकी आम आदमी पार्टी ने हरियाणा जोड़ो अभियान के बाद अब प्रदेश में मेरा परिवार आप के साथ अभियान शुरू करने का फैसला किया है।

हरियाणा में चुनाव मोड पर आप, दो लाख परिवारों को जोडऩे का लक्ष्य

हरियाणा में चुनाव मोड पर आप, दो लाख परिवारों को जोडऩे का लक्ष्य

चंडीगढ़। हरियाणा में लोकसभा और विधानसभा लडऩे का ऐलान कर चुकी आम आदमी पार्टी ने हरियाणा जोड़ो अभियान के बाद अब प्रदेश में मेरा परिवार आप के साथ अभियान शुरू करने का फैसला किया है। जिसके तहत दो लाख घरों के आगे आम आदमी पार्टी को समर्थन करने वाले बोर्ड व बैनर आदि लगाए जाएंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आप सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद यह निर्देश जारी किए हैं।


इस बैठक में आप प्रभारी एवं दिल्ली के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय, आप हरियाणा के अध्यक्ष नवीन जयहिंद के अलावा सभी लोकसभा प्रभारियों एव जिला संयोजकों ने भाग लिया। आम आदमी पार्टी का यह अभियान अगर सफल होता है कि आप हरियाणा की ऐसी दूसरी राजनीतिक पार्टी होगी जिसके कार्यकर्ता सार्वजनिक रूप से चिन्हित होंगे। इससे पहले पूर्व उपप्रधानमंत्री स्वर्गीय ताऊ देवीलाल ने भी अपने कार्यकर्ताओं को अलग चिन्हित करने के लिए घरों की छतों पर हरे रंग के झंडे लगवाए थे। ताऊ की राजनीति हरियाणा में जब चरम पर थी तो देवीलाल समर्थकों ने अपने घरों में हरे रंग की पुताई भी करवा ली थी।


अब आम आदमी पार्टी भी इसी राह पर है। पार्टी की बैठक में हुए फैसले के बारे में जानकारी देते हुए आप अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने सोमवार को यहां बताया कि पांच सितंबर से पार्टी के करीब दो हजार कार्यकर्ता हरियाणा के सभी विधानसभा हलकों में जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे। उन्हें दिल्ली सरकार द्वारा करवाए गए विकास कार्यों के बारे में जानकारी देते हुए हरियाणा में अपनी भविष्य की रणनीति से अवगत करवाएंगे।


इस बातचीत के दौरान संबंधित व्यक्ति से एक फार्म भरवाया जाएगा जिसमें वह बताएगा कि वह तथा उसका परिवार आम आदमी पार्टी के साथ है। जयहिंद ने बताया कि इस अभियान के तहत हरियाणा में दो लाख परिवारों को अपने साथ जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है। यही नहीं जो लोग मैं और मेरा परिवार आप के साथ अभियान में शामिल होंगे उनके घर के बाहर बोर्ड-होर्डिंग अथवा बैनर आदि लगाया जाएगा।

जिससे समूचे प्रदेश में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता अलग तरह से चिन्हित हो सकेंगे। जयहिंद ने बताया कि इस मुहिम को अमली रूप देने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को बकायदा प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। जिसके बाद वह पांच सितंबर से हरियाणा के सभी हलको में उतरेंगे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो