पिपरिया निवासी धनराज पटेल और बालागंज होशंगाबाद निवासी सुनील का एक ही पलंग पर इलाज चल रहा है। उनका कहना है कि पलंग छोटे हैं, एेसे में करवट भी नहीं ले पा रहे हैं। गर्मी की वजह से ज्यादा परेशानी हो रही है। हिलना तक मुश्किल है।
मामला 01 : पिपरिया खैरीकला के रहने वाले हरिसिंह रघुवंशी मंदिर में पूजन कर रहे थे। इसी दौरान उन पर हमला हुआ। जिससे वह घायल हो गए थे। पिपरिया अस्पताल से उन्हें मंगलवार को रेफर किया गया। दो दिन से अस्पताल के वार्ड में बैंच पर लेटे हैं। बैंच पर ही इलाज चल रहा है।
मामला 02 : डोलरिया निवासी विनोद वर्मा पेट दर्द से कराह रहे थे। परिजन उन्हें बुधवार रात 8 बजे जिला अस्पताल लेकर आए। पलंग फुल थे, स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें बैंच पर लेटा दिया। यहीं बॉटल लगाकर इलाज शुरू किया। विनोद ने बताया बैंच पर लेटे-लेटे पीठ दर्द होने लगी है।
लगातार बढ़ रहे मरीज
मरीजों की संख्या बढऩे से इस तरह के हालात बन जाते है। जिला अस्पताल में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। नया भवन बनने के बाद ही इन समस्याओं से राहत मिलेगी।
-डा. सुधीर डेहरिया, सीएस जिला अस्पताल।