script

रातभर बारिश से धान फसल को नुकसान, कटाई में होगी देरी, खेतों में भर गया पानी

locationहोशंगाबादPublished: Oct 19, 2021 09:40:12 pm

Submitted by:

devendra awadhiya

कई जगह तालाब में तब्दील खेतों में तैर रही, जिले बीते चौबीस घंटों में औसतन 18.9 मिमी दर्ज हुई, सीजन की औसतन बारिश पहुंची 1070.4 मिमी पर, पिछले साल से अभी भी कम है 286 मिमी बारिश, फसल नुकसान का सर्वे और मुआवजे की मांग उठी

रातभर बारिश से धान फसल को नुकसान, कटाई में होगी देरी, खेतों में भर गया पानी

रातभर बारिश से धान फसल को नुकसान, कटाई में होगी देरी, खेतों में भर गया पानी,रातभर बारिश से धान फसल को नुकसान, कटाई में होगी देरी, खेतों में भर गया पानी,रातभर बारिश से धान फसल को नुकसान, कटाई में होगी देरी, खेतों में भर गया पानी

होशंगाबाद. बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात का असर नर्मदांचल पर भी पड़ रहा। विदाई के बाद भी बारिश लौट आई। जिले में रातभर से बारिश होती रही। यह सिलसिला सोमवार को भी दिनभर चलता रहा। तेज और ज्यादा बारिश से खेत तालाब में तब्दील होने से कटाई के लिए तैयार हजारों एकड़ धान की फसल को नुकसान हुआ है। कई जगह पर फसल तैरती हुई दिखाई दी तो कुछ जगह आड़ी होकर डूब गई। खलिहान में भी कटी रखी फसल भीग गई। किसानों में चिंता का माहौल है। नुकसान सिवनीमालवा, डोलरिया, बाबई, सेमरी, सोहागपुर में होने की सूचनाएं हैं। अचानक हुए इस नुकसान का सर्वे कर मुआवजा दिए जाने की मांग की गई है। जिले में औसतन 18.9 मिमी दर्ज हुई, सबसे ज्यादा होशंगाबाद और इटारसी शहर में हुई तेज बारिश से जनजीवन पर भी असर पड़ा है। गड्ढों में तब्दील सड़कों पर बारिश का कीचड़-पानी जमा होने से आवागमन में लोगों को दिक्कतें जा रही है। इधर, तापमान में गिरावट से मौसम में भी ठंडक घुली गई है। बता दें कि जिले में इस बार के सीजन की बारिश का आंकड़ा 1070.4 मिमी पहुंचा है, जबकि बीते साल 1356 मिमी था। जिले में अभी भी 286 मिमी बारिश कमी बनी हुई है।

धान की फसल को हुआ नुकसान
क्रांतिकारी किसान संगठन के जिलाध्यक्ष हरपाल सिंह सोलंकी ने बताया कि जिले में खासकर सिवनीमालवा तहसील में बीते 48 घंटों की तेज बारिश से धान की फसल को नुकसान हुआ है। खेत में खड़ी फसल आड़ी हो गई। कई जगह पानी जमा होने से फसल डूबकर तैर रही है। फसल की बाली खराब हो गई है। बारिश बंद नहीं हुई तो नुकसान बढ़ सकता है। जो फसल कट कर खलिहान में रखी थी वह भी भीगकर खराब हो रही है। धूप नहीं निकलने से सूखने की गुंजाइश भी कम है। किसानों को कटी हुई फसल को तिरपाल पन्नी से ढककर बचाना पड़ रहा है। किसानों ने महंगे मजदूर लगाकर कटाई कराई थी। फसल के साथ मजदूरी का भी नुकसान पहुंचा है। लागत दो गुना लगाई है। अगर एफएक्यू के मापदंड से खरीदी हुई तो किसानों की धान समर्थन मूल्य पर नहीं बिकेगी और व्यापारियों को मंडी में औने-पौने दाम पर बेचना पड़ेगा। खेत में तैयार फसल के आड़ी होने से कटाई में मिट्टी आने की संभावना भी रहेगी। किसान संगठनों ने जल्द सर्वे एवं मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

24 घंटों में कहां कितनी वर्षा हुई
जिले होशंगाबाद में 56.2, सिवनीमालवा में 18.0, इटारसी में 44.4, बाबई में 22.0, सोहागपुर में 2.8, बनखेड़ी में 2.6, पचमढ़ी में 12.0 एवं डोलरिया में 12.3 मिमी बारिश हुई। जिसका औसत 18.9 मिमी रहा।

यह रहा दिन-रात का तापमान
स्थान – अधिकतम -न्यूनतम (डिग्री सेल्सियस में)
होशंगाबाद: 30.0 : 23.8
पचमढ़ी : 23.4 : 18.4
बैतूल : 27.7 : 21.4

मकान की दीवार ढही, युवक घायल, गृहस्थी का नुकसान

बीती रात में शहर के वार्ड नंबर एक में पिचिंग के पास गीता कहार का मकान गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। जिसमें उनका बेटा अनिल कहार (22 वर्ष) घायल हो गया। बीती रात में दो मां-बेटे सो रहे थे। तभी मां निस्तार के लिए उठी और दरवाजा खोलने लगी। इसी बीच अचानक एक तरफ की दीवाल पूरी तरह से जमीन पर गिर गई। जिससे बेटा अनिल घायल हो गया। घर में रखा सामान पहनने-ओढऩे के कपड़े, लकड़ी की कुर्सी, गैस चूल्हा, बर्तन एवं स्टील का स्टेंड, मोबाइल, गेंहू,आटा, दाल, चावल, मसाले, तेल, शक्कर, चायपत्ती आदि का लगभग एक लाख रुपए का नुक़सान पहुंचा है। वार्ड के पूर्व पार्षद तेज कुमार गौर ने तहसीलदार निधि चौकसे को जानकारी देकर प्रशासन की तरफ से उक्त परिवार को राहत सहायता दिए जाने का आग्रह किया है।

इनका कहना है…
तेज बारिश से जिले के सिवनीमालवा-डोलरिया क्षेत्र में धान की फसल को नुकसान की सूचनाएं मिली है। अन्य तहसीलों की जानकारी भी एकत्रित की जा रही है। विभागीय टीम राजस्व टीम के साथ जल्द ही सर्वे कार्य करेगी। नुकसानी रिपोर्ट जिलाप्रशासन को सौंपी जाएगी।
-जेआर हेडाऊ, कृषि उप संचालक होशंगाबाद

किसानों के मुद्दों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर
इधर, सोमवार को कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने समय सीमा बैठक में मौजूद अधिकारियों से कहा कि किसानों के मुद्दों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में किसानों को खाद, बीज आदि सुगमता से उपलब्ध कराई जाए। किसानों की जो भी समस्याएं-शिकायतें हैं उनका त्वरित निराकरण हो। लापरवाही की दशा में संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर सिंह ने जिले में प्राप्त यूरिया की रैक का सभी डबल लॉक गोदामों एवं सहकारी समितियों में समान रूप से वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। सभी विकास खंडों में कांपलेक्स उर्वरकों के उपयोग एवं उसके फायदों के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा।

ट्रेंडिंग वीडियो