script

सिवनी मालवा में कन्या महाविद्यालय और डोलरिया में कॉलेज इस सत्र से होगा शुरू

locationहोशंगाबादPublished: Jun 26, 2018 10:45:06 am

Submitted by:

pradeep sahu

शासन से मिली मंजूरी, अस्थाई भवन में शुरू होगा कॉलेज, नगर के विद्यार्थियों को मिली सौगात

girls college start in Seoni Malwa

सिवनी मालवा में कन्या महाविद्यालय और डोलरिया में कॉलेज इस सत्र से होगा शुरू

सिवनी मालवा. नगर में कन्या महाविद्यालय खोले जाने की मांग वर्ष 2011 से क्षेत्रीय विधायक सरताज सिंह द्वारा मुख्यमंत्री से की जा रही थी। क्षेत्र की जनता की मांग को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 23 जून को आदेश जारी कर सिवनी मालवा में नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय खोले जाने के आदेश जारी कर दिए हैं। जिससे शासकीय कुसुम महाविद्यालय के अलावा अब छात्राओं के लिए अलग से गल्र्स कॉलेज की सौगात क्षेत्र को मिली है। गल्र्स कॉलेज खुलने से करीब 2000 छात्राओं को लाभ मिलेगा और कॉलेज में छात्राओं की संख्या बढ़ेगी। साथ ही जिन विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में दाखिला नहीं मिल पाता है उनके लिए सीट बढऩे से सुनहरा अवसर होगा। कॉलेज प्राचार्य बीएल डेहरिया ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग से कला संकाय, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के लिए शिक्षकों की भर्ती की जानी है। अभी अस्थाई भवन में कॉलेज शुरू किया जाएगा। बताया जा रहा है कि शासकीय कुसुम कॉलेज परिसर में ही छात्रावास भवन में फिलहाल कॉलेज लगाने की बात कही जा रही है।
साढ़े तीन करोड़ में बनेगा भवन- विधायक सरताज सिंह ने बताया कि नवीन कन्या महाविद्यालय खोले जाने के लिए कुसुम महाविद्यालय परिसर में पीछे की तरफ खाली भूमि में करीब साढ़े तीन करोड़ से भवन का निर्माण पीआईयू के द्वारा करवाया जाएगा। जिसका नक्शा भी बनकर तैयार है। एक दो दिनों में टेंडर लग जाएंगे। इसके बाद आगामी समय में आईटीआई के पास 7 एकड़ की खाली भूमि में गल्र्स कॉलेज और खेल मैदान बनाया जाएगा। वर्तमान में कालेज परिसर में खाली भवन में कॉलेज शुरू किया जाएगा।
 

लंबे समय से हो रही थी मांग- डोलरिया में बहुत लंबे समय से कॉलेज खोले जाने की मांग विद्यार्थियों और जनप्रनिधियों द्वारा की जा रही थी। इसी वर्ष आंवलीघाट में महाशिवरात्रि पर हुई शिव प्रतिमा अनावरण के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने घोषणा की थी कि डोलरिया के विद्यार्थियों को अब कॉलेज की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना होगा। इसी क्रम में शासन से कलेक्टर को आदेश प्राप्त हुए है। जिसमें महाविद्यालय के संचालन के लिए तत्काल अस्थाई भवन और शैक्षणिक स्टाफ की भर्ती के आदेश दिए गए। प्रदेश में कुल 44 नवीन महाविद्यालय स्वीकृत किये गए जिनमें प्रवेश प्रक्रिया चालू सत्र 2018-19 की प्रवेश प्रक्रिया में शामिल किया गया। जानकारी अनुसार यहां स्नातक स्तर पर कला संकाय (आर्टस) खोला जाएगा।
शासकीय कन्या महाविद्यालय के लिए पद स्वीकृत- सिवनीमालवा नगर में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय हेतु कुल 47 लोगों का स्टाफ स्वीकृत किया गया है। जिसमें स्नातक वाणिज्य संकाय, स्नातक कला संकाय और स्नातक विज्ञान संकाय में पढ़ाने के लिए 22 पद सहायक प्राध्यापकों के स्वीकृत किए। एक प्राचार्य, ग्रंथपाल, क्रीड़ा अधिकारी, अशैक्षणिक कार्यालयीन स्टाफ के लिए 22 पद स्वीकृत हुए है।

ट्रेंडिंग वीडियो