नगरपालिका चुनाव में कैडर बेस पार्टी भाजपा में टिकटों के वितरण में परिवारवाद के चलने का विरोध हो रहा है। वार्डों में सीट बदलने पर नेता व पार्षद रहे लोगों की पत्नियों को टिकट दिए जाने से जमीनी कार्यकर्ताओं में गहरी नाराजगी सामने आ रही। असंतुष्ट सोशल मीडिया पर अपने नेताओं पर गुस्सा उतार रहे। जिनकी टिकटें कटी वे कार्यकर्ता निर्दलीय चुनाव लड़ चुनौती दे रहे। शहर में युवा नेता प्रकाश शिवहरे, राजेश मांझी, गणेश बावरिया, गोपाल चौरे, चरणजीत सिंह, मनीष परदेशी, माया केवट, अखिलेश निगम, शीला भल्लावी, प्राणेश्वर शाह, चंदन शाह, आभा शर्मा, चित्रा शर्मा, रजनीश दुबे, प्रवीण यादव, वंदना शर्मा, रामू चौहान जैसे जमीनी कार्यकर्ता नाराज बताए जाते हैं। विरोध का एक कारण पार्टी से पूर्व में निष्कासित नेताओं की पत्नियों को भी टिकट से नवाजा जाना भी है। संगठन के नेता नाराजगी को दूर करने में जुटे हुए हैं।
........
टिकटों पर नेता-पार्षदों की पत्नियों का दबदबा
नर्मदापुरम शहर में वार्ड नंबर एक में पूर्व पार्षद शिल्पा गौर को दोबारा प्रत्याशी बनाया गया है। उनके पति तेज कुमार गौर भी दो बार पार्षद रह चुके। वार्ड नंबर 2 में पूर्व पार्षद-नपा उपाध्यक्ष प्रमोद सोनी ने अपनी पत्नी नयना सोनी को टिकट दिलाई है। प्रमोद पूर्व में पार्टी के खिलाफ जाने पर निष्कासित भी हो चुके। वार्ड 3 में महिला मोर्चा पदाधिकारी मोनिका चौकसे को टिकट मिला है। इनके पति महेंद्र चौकसे पूर्व में निष्कासित किए गए थे। बाद में वापसी हो गई थी। वार्ड नंबर 4 में पूर्व पार्षद एवं मंडल महामंत्री पूनम मेषकर ने अपनी पत्नी राजकुमारी मेषकर को टिकट दिलाई है। वार्ड नंबर 8 में वार्ड नंबर 11 से पार्षद रहे जितेंद्र तिवारी ने अपनी पत्नी रिचा तिवारी को टिकट दिलाई है। वार्ड नंबर 12 से अर्पित मालवीय ने अपनी पत्नी पूजा को प्रत्याशी बनवाया है। अर्पित के पिता-माता दोनों पूर्व में पार्षद रह चुके हैं। वार्ड 13 में पूर्व पार्षद अतुल भंडारी ने अपनी पत्नी वर्षा भंडारी को टिकट दिलाया है। वार्ड नंबर 15 में अनारक्षित महिला सीट से भाजपा नेता हंस राय ने अपनी पत्नी को प्रत्याशी बनवाया है। जबकि राय ओबीसी वर्ग से हैं। इस वजह से सामान्य वर्ग की महिला दावेदार में असंतोष है। वार्ड 17 से पूर्व पार्षद महेंद्र यादव की पत्नी नीतू यादव को टिकट दिलाया है। वार्ड 24 में पूर्व नपा उपाध्यक्ष अशोक कुशराम ने अपनी पत्नी संध्या कुशराम को प्रत्याशी बनवाया है। वार्ड 28 में भी पूर्व पार्षद जयकुमार सेठी चौकसे ने अपनी पत्नी कंचन चौकसे को टिकट दिलवाया है। विार्ड 29 में पूर्व पार्षद एवं मंडल उपाध्यक्ष नंदू यादव ने पत्नी विमला यादव, वार्ड 30 में पूर्व पार्षद मुन्ना ग्वाला ने पत्नी निर्मला यादव को, वार्ड 33 में पूर्व पार्षद विमल चुटीले ने पत्नी वंदना चुटीले को टिकट दिलाई है।
...