सीजन का सबसे अधिक गर्म रहा मंगलवार, बीते साल से भी अधिक पारा
नर्मदापुरम narmdapuram जिले में दिन में 3.7 एवं रात में 1.2 डिग्री का उछाल,बुधवार को भी सुबह से ही लू का दौर शुरू हो गया था
होशंगाबाद
Published: April 20, 2022 12:04:56 pm
नर्मदापुरम. narmdapuramजिले में भीषण गर्मी की तपन से जनजीवन पर असर पड़ रहा है। मंगलवार 19 अप्रेल को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। जो कि बीते साल से भी अधिक है। मंगलवार को नर्मदापुरम का अधिकतम तापमान (दिन का) 44.8 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि यह बीते दिनों में 40-41 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा था। इसमें बीते चौबीस घंटों में ही 3.7 डिग्री का उछाल आया है। बुधवार को भी सुबह से ही लू का दौर शुरू हो गया था। मौसम विभाग के मुताबिक चालू सीजन 2022 का पारा बीते साल 2021 से भी ज्यादा हो गया है, जिसमें 8 अप्रेल को 41.8 एवं 19 अप्रेल को पारा 41.2 डिग्री सामान्य से भी अधिकतम था, लेकिन इस बार के गर्मी के सीजन में यह बढ़कर 44.8 यानी 45 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़त हुई है। मंगलवार को नर्मदापुरम का रात का न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि बीते दिवस यह 25 डिग्री के आसपास था। इसमें भी 1.2 डिग्री की बढ़त हो चुकी है। हिल स्टेशन पचमढ़ी की बात करें तो यहां भी दिन और रात दोनों के ही तापमान में बढ़त आई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 22.0 एवं अधिकतम 36.6 डिग्री रहा, जबकि बीते दिवस यह क्रमश: 19.0 एवं 35.8 डिग्री सेल्सियस पर था। इसमें अधिकतम तापमान में पाइंट टू एवं न्यूनतम में 3.0 डिग्री की बढ़त दर्ज हुई है। मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप की तपन-उमस से लोग बेहाल रहे। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा आवागमन भी कम ही दिखाई दिया।
बीते साल से भी गर्म रहा 19 अप्रेल
मौसम विभाग ने बताया कि बीते साल से तापमान की तुलना करें तो नर्मदापुरम का अधिकतम तापमान इस बार इस दिनांक को सबसे अधिक 44.8 डिग्री दर्ज हुआ है, बीते साल इसी दिनांक को पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस पर था। बीते दिनों को देखें तो 8 अप्रेल 2022 को पारा 41.8 डिग्री था। जबकि बीते साल 2021 में 8 अप्रेल को पारा 44.5 डिग्री पर था। यानी बीते साल से भी इस बार ज्यादा गर्मी पड़ रही है। बीते साल अपे्रल माह में अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री तक पहुंचा था। इस बार इसमें 1.8 डिग्री की बढ़त रही।
हिल स्टेशन पचमढ़ी भी तप रही
इस वार के गर्मी के सीजन में हिल स्टेशन पचमढ़ी भी तप रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री एवं न्यूनतम 22.0 डिग्री दर्ज हुआ। जो कि बीते दिनों से अधिक रहा। जबकि सोमवार को क्रमश: 35.8, 19.0, रविवार को 36.0, 19.2 डिग्री सेल्सियस था। इसमें पाइंट 6 एवं 2.8 डिग्री का उछाल आया है।
बीते वर्षों में कब कितना रहा उच्चतम तापमान
वर्ष - अधिकतम - न्यूनतम
2012 : 43.3 (10अप्रेल) : 23.1(1 अप्रेल)
2013 : 44.6 (30 अप्रेल) : 19.9(1 अप्रेल)
2014 : 44.5 (30 अप्रेल) : 20.5 (3 अप्रेल)
2015 : 42.7 (29 अप्रेल) : 18.0 (13 अप्रेल)
2016 : 45.0 (21,30अप्रेल): 21.6 (1 अप्रेल)
2017 : 45.0 (17 अप्रेल ) : 19.1(11 अप्रेल)
2018 : 45.0 (29 अप्रेल ) : 22.0(3 अप्रेल)
2019 : 47.2 (29 अप्रेल) : 21.2 (17 अप्रेल)
2020 : 43.9 (17 अप्रेल) : 20.9 (1 अप्रेल)
2021 : 43.4 (29 अप्रेल) : 21.1(5 अप्रेल)
इनका कहना है...
नर्मदापुरम जिले में 19 अप्रेल को सीजन का सबसे अधिक गर्म दिन रहा। यानी अधिकतम तापमान उच्चतम स्तर पर 44.8 डिग्री दर्ज हुआ। जो कि बीते साल से भी इस दिनांक के हिसाब से अधिक है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी जारी है। यही स्थिति हिल स्टेशन पचमढ़ी की भी बनी हुई है। यहां का दिन-रात के पारे में बढ़त दर्ज की गई है।
-योगेंद्र सिंह भदौरिया,मौसम वैज्ञानिक नर्मदापुरम।

सीजन का सबसे अधिक गर्म रहा मंगलवार, बीते साल से भी अधिक पारा
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
