पुलिया के नीचे से आ रही थी आवाज, स्थिति देख उड़े पुलिस के होश
युवक का सिर पत्थरों से बेहरमी से कुचला

इटारसी। लूट के शिकार हुए एक युवक से पूछताछ करते समय पुलिस को पास की ही पुलिया से एक अजीब आवाज सुनाई दे रही थी। जैसे ही पुलिसकर्मियों ने मौके पर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। मामला इटारसी का है। दरअसल पुलिया के नीचे एक युवक गंभीर घायल अवस्था में मिला, जिसका शव पत्थरों से बेहरमी से कुचला गया था। जानकारी के अनुसार बेखौफ लुटेरों ने मंगलवार रात इंडियन ऑयल डिपो के सामने पुलिया पर पहले एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की। फिर सड़क से गुजर रहे एक बाइक सवार को रोककर उससे मारपीट कर बाइक छीनकर भाग गए। हत्या के पीछे भी लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज कर लिया है। संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
बाइक रोककर की मारपीट
पुलिस ने बताया कि जुझारपुर निवासी ब्रजेश बड़कुर (30) मंगलवार की रात 11 बजे जनता टाकीज के पास इटारसी स्थित फर्नीचर की दुकान बंद कर गांव लौट रहा था। गांव के समीप पुलिया के पास उसे दो युवकों ने रोका और मारपीट कर उसकी बाइक और ७०० रुपए छीनकर भाग गए। ब्रजेश ने डायल-100 को फोन पर सूचना दी। घटना गांव के समीप थी, इस कारण ग्रामीण भी ब्रजेश की सूचना पर पहुंच गए। जब पुलिसकर्मी ब्रजेश से घटना की जानकारी ले रहे थे, तभी उन्हें पुलिया के नीचे कराहने की आवाज आई। वहां जाकर देखा तो एक व्यक्ति का सिर पत्थर से बुरी तरह कुचला गया था। वह बोलने की स्थिति में नहीं था। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक की उम्र करीब 40 साल है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। ब्रजेश से लूटपाट करने वाले बदमाशों ने ही उसकी सिर कुचलकर हत्या की है।
आगे मिली बाइक
बदमाश जो बाइक लूटकर भागे थे, वह आगे जाकर सड़क किनारे पर पड़ी मिली। बताते हैं कि बाइक कुछ दूरी पर जाकर बंद हो गई थी, इस कारण बदमाश वहीं छोड़कर भाग निकले।
20-22 साल के हैं बदमाश
ब्रजेश ने लुटेरों का हुलिया पुलिस को बताया है। उनकी उम्र 20 से 22 साल है। बदमाश पुलिया के नीचे से निकलकर सड़क पर आए थे। यह पुलिया इंडियन ऑयल डिपो के सामने बरसाती नाले पर बनी है। राह चलती है। इस कारण घटना से कुछ देर पहले वहां से गुजरने वाले ग्रामीणों ने तीन लोगों को पुलिया के नीचे जाते देखा था। उनके बीच गाली-गलौचा भी सुनी गई थी। इस कारण आशंका है कि हत्या करने वाले आरोपी मृतक के परिचित होंगे। किसी बात पर उनके बीच विवाद हुआ होगा, जिससे उसकी हत्या कर दी। पुलिस लूट के इरादे से हत्या करने की संभावना से भी इंकार नहीं कर रही है।
कलाई पर लिखा है गुड्डू व बलवंत
पथरौटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मृतक के दाहिने हाथ की कलाई पर गुड्डू तथा बलवंत लिखा है। इसके अलावा हनुमान जी का टेटू भी बना हुआ है। घटना के बाद बुधवार सुबह ६.१५ बजे एसपी अरविंद सक्सेना भी घटनास्थल पर पहुंचे थे। एसपी ने कहा कि मृतक की पहचान महत्वपूर्ण है। उन्होंने जल्दी ही मामले का खुलासा करने की बात कही है।
अब पाइए अपने शहर ( Hoshangabad News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज