होशियारपुर

पंजाब के मोगा में तीसरी बार फहराया खालिस्तानी झंडा, सो रही है पुलिस

मोगा में कोटकपूरा बाईपास पर रेलवे ओवरब्रिज पर किसी शरारती तत्व ने खालिस्तानी झंडा फहरा दिया। झंडे पर कढ़ाई करके खंडा बनाया हुआ था। साथ ही खालिस्तान जिंदाबाद भी लिखा गया था।

होशियारपुरAug 23, 2020 / 08:49 pm

Bhanu Pratap

मोगा में रेलवे ओवरब्रिज पर फहराया खालिस्तानी झंडा।

मोगा/चंडीगढ़। पंजाब के मोगा में खालिस्तान समर्थक फिर सिर उठा रहे हैं। इस बात को बल इससे मिला है कि जिले में खालिस्तानी झंडा तीसरी बार फहराया गया है। इससे पहले दो बार झंडा फहराये जाने की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने अभी तक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपी फरार है। आरोपियों में पुलिस अधिकारी का बेटा भी शामिल था। जस्टिस फॉर सिख संगठन चला रहे आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू के आह्वान पर खालिस्तानी झंडा फहराया जा रहा है। पन्नू ने खालिस्तानी झंडा फहराने पर इनाम की घोषणा कर रखी है।

खालिस्तान जिंदाबाद लिखा था

रविवार को शहर में फिर से खालिस्तानी झंडा फहराया गया। कोटकपूरा बाईपास पर रेलवे ओवरब्रिज पर किसी शरारती तत्व ने खालिस्तानी झंडा फहरा दिया। झंडे पर कढ़ाई करके खंडा बनाया हुआ था। साथ ही खालिस्तान जिंदाबाद भी लिखा गया था। झंडा फहराये जाने की सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। विवादित झंडे को उतारने के बाद पुलिस अपने साथ ले गई।
नौ दिन में तीसरी घटना

पिछले 9 दिन में मोगा में यह तीसरी घटना है। आजादी दिवस से एक दिन पहले भी मिनी सचिवालय की चौथी मंजिल पर खालिस्तानी झंडा फहराने के साथ-साथ राष्ट्रध्वज का अपमान किया गया था। इसके बाद लाला लाजपत राय के पैतृक गांव ढूडीके में पंचायतघर खालिस्तानी झंडा फहराया गया था। तीसरी घटना रविवार को हुई।
पुलिस अधिकारी के बेटे पर आरोप

पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की था। इनमें से गांव रौली के जसपाल और इंद्रजीत सिंह पर तिरंगे का अपमान करने और वहां खालिस्तानी झंडा फहराने का आरोप है। फिरोजपुर के गांव साधूवाला के रहने वाले आकाशदीप पर इसका वीडियो बनाने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि आकाशदीप को 6 दिन पहले गिरफ्तार कर लिया गया है। दो आरोपी फरार हैं। एक आरोपी पुलिस अधिकारी का बेटा है। बताया गया है कि पुलिस का दबाव पड़ने पर आकाशदीप ने आत्मसमर्पण किया था। दूसरी ओर डीएसपी डी. जंगजीत सिंह का कहना है कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने का पूरा प्रयास कर रही है।

Home / Hoshiarpur / पंजाब के मोगा में तीसरी बार फहराया खालिस्तानी झंडा, सो रही है पुलिस

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.