संकट का धैर्य से सामना कर करें व्यवसाय[typography_font:18pt;” >कोल्हापुरकोल्हापुर जिला सर्राफा संघ, सांगली जिला सर्राफा समिति, सिंधुदुर्ग जिला सर्राफा संघ एवं अन्य ज्वैलरी व्यवसायियों के संयुक्त तत्त्वावधान में उड़ान-2020 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर महाराष्ट्र राज्य सर्राफा स्वर्णकार फैडरेशन के अध्यक्ष फतेहचंद रांका और महाराष्ट्र सर्राफा स्वर्णकार महामंडल के अध्यक्ष अनिल वाघाडकर ने सर्राफा व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में जहां पूरी दुनिया बुरी तरह आहत है, वहीं सर्राफा व्यवसाय भी अपने बुरे दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में हम सबको धैर्य व हिम्मत से काम लेना चाहिए। कठिन हालात में भागने के बजाय उनका मुकाबला करने की कोशिश की जानी चाहिए। इस दौरान जूम एप के माध्यम से सर्राफा व्यवसायियों के लिए वेबिनार चर्चा सत्र का आयोजन किया था।इस सत्र के दौरान वक्ताओं ने कोरोना महामारी से जेम्स एंड ज्वेलरी इंडस्ट्री में आए बदलाव, आने वाले दिनों में ग्रीन, ऑरेंज व रेड जोन में व्यापार की स्थिति जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की। फैडरेशन के अध्यक्ष रांका ने कहा कि इस समय हर कोई चिंतित दिखाई दे रहा है। ऐसे में हमें आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा। व्यवसाय को आगे बढ़ाना है तो काम का तरीका भी बदलना होगा। व्यापारियों को अधिक से अधिक ऑनलाइन कारोबार की दिशा में आगे बढऩा होगा। अभी फिलहाल व्यवसाय ठंडा पड़ा हुआ है लेकिन आगामी कुछ ही दिनों बाद श्रावण माह, गणपति, नवरात्र, दीवाली, विवाह कार्यक्रम जैसे कई सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होने हैं, उस दौरान अच्छा व्यापार होने की उम्मीद है। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि कोल्हापुर कई तरह के गहनों का मैन्यूफैक्चरिंग हब कहलाता है, ऐसे समय में एमएसएमई जैसी योजनाओं के माध्यम से ऋण लेकर व्यवसाय को आगे बढ़ाएं। कुछ समय बाद हालात सामान्य हो जाएंगे। चर्चा के दौरान महाराष्ट्र सर्राफा स्वर्णकार महामंडल के अध्यक्ष वाघाडकर ने कहा कि सभी को मिलकर इस संकट का सामना करना होगा। इसके अलावा उन्होंने सरकार से मांग की कि सर्राफा व्यापार से जुड़े लोगों के लिए आयकर में छूट व कम जीएसटी दरों के साथ-साथ ब्याज माफ किया जाए। चर्चा में सांगली जिला सर्राफा समिति के मार्गदर्शक किशोर पंडित ने भी मार्गदर्शन किया। प्रास्ताविक में कोल्हापुर जिला सर्राफा संघ के अध्यक्ष भरत ओसवाल ने स्थानीय प्रशासन, विधायक चंद्रकांत जाधव और चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष संजय शेटे की ओर से उद्योग-व्यापार शुरू करने की कोशिशों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सम-विषम तारीख में व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रशासन ने अनुमति दी है। इस दौरान सभी को दुकान, कर्मचारी और ग्राहकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए कहा गया है। कार्यक्रम के दौरान शैलेंद्र उपाध्याय ने सूत्र संचालन किया।…………………………………………………………………………