मतदाता जागरुकता अभियान जागो जनमत-2023 का विधिवत शुभारम्भ
हुबलीPublished: Oct 29, 2023 07:07:53 pm
मतदाताओं को जागरूक करने के लिए
राजस्थान पत्रिका और सिवांची जैन युवा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में
राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर


Sivanchi Oswal Jain Sangh and Sivanchi Jain Youth Sanghthan
राजस्थान में 25 नवम्बर 2023 को विधानसभा चुनाव है। कर्नाटक में राजस्थान मूल के लोग बड़ी संख्या में निवास कर रहे हैं। कई लोगों के नाम राजस्थान की मतदाता सूची में भी है और वे राजस्थान जाकर अपने मताधिकार का उपयोग भी करते रहे हैं। ऐसे में मतदान के प्रति जागरुकता लाने के उद्देश्य से राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली और सिवांची जैन युवा संगठन हुब्बल्ली के संयुक्त तत्वावधान में रविवार से यहां मतदाता जागरुकता अभियान जागो जनमत-2023 का विधिवत शुभारम्भ हुआ। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अगले तीन सप्ताह तक हुब्बल्ली में विभिन्न जगहों पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान 20 नवम्बर 2023 तक चलेगा। यहां केशवापुर स्पोर्ट्स पार्क में सिवांची ओसवाल जैन संघ तथा सिवांची जैन युवा संगठन की साझा मेजबानी में आयोजित इस अभियान में वक्ताओं ने मतदान की महत्ता को प्रतिपादित किया। इस दौरान मतदान की महत्ता को प्रतिपादित करने एवं मतदान के प्रति जागृति का संदेश देने के साथ ही शत-प्रतिशत मतदान का आह्वान किया गया। राजस्थान में 25 नवम्बर 2023 को आयोजित विधानसभा चुनाव के समय मतदाता राजस्थान जाकर अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें और दूसरों को भी चुनाव में मतदान के लिए प्रेरित कर सकें इसी मकसद से जागरुकता अभियान शुरू किया गया है। जागो जनमत के तहत मतदाताओं को इस बात का संकल्प दिलाया गया कि वे 25 नवम्बर 2023 को अनिवार्य रूप से मतदान करें और अपने क्षेत्र के लोगों को मतदान करने के लिए प्रोत्साहित भी करें।
दूसरों को भी प्रेरित करें
इस अवसर पर सिवांची ओसवाल जैन संघ के अध्यक्ष महावीर पालरेचा ने कहा कि हमें मतदान का अधिकार मिला हैं, इसका हमें सदुपयोग करना चाहिए। न केवल हम मतदान में हिस्सा लें बल्कि दूसरों को भी प्रेरित करें। वोट अमूल्य है। इसे व्यर्थ न गंवाएं। सिवांची ओसवाल जैन संघ के उपाध्यक्ष प्रवीण बागरेचा ने कहा लोकतंत्र में मतदान का अपना महत्व है। यह जनता का मूल अधिकार है। हम सही प्रत्याशी को चुनें। जिन्हें भी मतदान का अधिकार मिला है वे अपने मतदान का उपयोग जरूर करें। सिवांची जैन युवा संगठन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र बागरेचा ने कहा कि हम दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित जरूर करें। सिवांची जैन युवा संगठन के पूर्व अध्यक्ष कल्पेश कांकरिया ने कहा कि मतदान को एक महोत्सव के रूप में लें। राजस्थान में भी जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं उन्हें फोन के माध्यम से मतदान में हिस्सा लेने के लिए कहें। जसराज ओस्तवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
महापर्व में वोट की आहुति देने की अपील
राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली के संपादकीय प्रभारी अशोक सिंह राजपुरोहित ने जागो जनमत अभियान के बारे में जानकारी दी। हर लोकसभा, विधानसभा, शहरी निकाय तथा पंचायती राज एवं अन्य चुनाव से पहले राजस्थान पत्रिका जागो जनमत के माध्यम से मतदाताओं के बीच जागरुकता पैदा करता है। हर वोट अमूल्य है और लोकतंत्र के इस महापर्व में वोट की आहुति देने की अपील की गई। इस अवसर पर सिवांची ओसवाल जैन संघ के डूंगरचंद बागरेचा, अरविंद बाफना, वैभव जैन, संजय बागरेचा, ऋषभ विनायकिया, अभिषेक श्रीश्रीमाल, उत्तम श्रीश्रीमाल, पीयूष बागरेचा, संदीप नाहटा समेत सिवांची ओसवाल जैन संघ के कई सदस्य एवं सिवांची जैन युवा संगठन के सदस्य मौजूद थे।
आप भी जुड़ सकते हैं अभियान से
हुब्बल्ली के राजस्थानी समाज, संगठन व संस्थाएं मतदाता जागरुकता अभियान से जुड़ सकते है। इस अभियान में सहभागी बनने एवं जुडऩे के लिए सिवांची जैन युवा संगठन हुब्बल्ली के पूर्व अध्यक्ष सुशील मांडोत के व्हाट्सएप नं.- 9448110047, सिवांची जैन युवा संगठन हुब्बल्ली के पूर्व अध्यक्ष कल्पेश कांकरिया के व्हाट्सएप नं.- 9036167155 या राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली के सम्पादकीय प्रभारी अशोक सिंह राजपुरोहित के व्हाट्सएप नं.- 9940318115 पर मैसेज भेजकर अपनी सहमति दे सकते हैं।