इंदौर

प्रशासन ने लगाया था प्रतिबंध…तो कहां से प्रकट हुई सौ ट्रक पीओपी की  मूर्तियां

सरकारी सख्ती पर खड़े हुए सवाल

इंदौरSep 13, 2019 / 11:23 am

Mohit Panchal

प्रशासन ने लगाया था प्रतिबंध…तो कहां से प्रकट हुई सौ ट्रक पीओपी की  मूर्तियां

इंदौर। पर्यावरण को बचाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है, जिसके चलते जिला प्रशासन ने गणेशोत्सव में प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) की प्रतिमा निर्माण पर प्रतिबंध लगा दिया था। उस पर कितना अमल हुआ ये खुलासा कल अनंत चतुर्दशी पर हो गया। नगर निगम के स्टॉलों पर थोकबंद पीओपी की मूर्तियां रखी हुईं नजर आईं। अब सवाल खड़े हो रहे हैं कि प्रतिबंध सिर्फ कागजी ही था।
ठोस केमिकल होने की वजह से पीओपी की प्रतिमाएं आसानी से नष्ट नहीं होती हैं। जहां भी उन्हें डाला जाता है, वहां वे जमीन को भी नुकसान पहुंचाती हैं। पर्यावरण को बचाने के प्रयास हो रहे हैं, जिसके चलते जिला प्रशासन ने इस साल भी पीओपी की प्रतिमाओं की खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी थी। एडीएम ने बकायदा प्रतिबंधात्मक धारा १४४ भी लगा दी थी।
सभी एसडीएम व तहसीलदारों के साथ में थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए थे कि वे आदेश का पालन कराएं। मूर्तिकारों व वितरकों के यहां जांच करें। गणेशोत्सव से दस दिन पहले प्रतिमाओं की दुकानें लगाना शुरू हो गई थीं, लेकिन दस दिन में एक शख्स पर भी पीओपी की मूर्ति बेचने का प्रकरण दर्ज नहीं हुआ।
इसका अर्थ ये है कि शहर में सारी प्रतिमाएं माटी की बनी ही बिकीं हों, ऐसा नहीं है। सरकारी अमले की पोल कल खुल गई, जब अनंत चतुर्दशी पर सार्वजनिक पंडालों व आम जनता ने नगर निगम के १०० से अधिक लगे स्टालों पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया।
सैकड़ों डंपर प्रतिमाएं निकलीं
पीओपी प्रतिमाओं के लिए नगर निगम ने जवाहर टेकरी खदान का स्थान तय किया है। शहरभर के स्टालों पर आई प्रतिमाओं को डंपरों में रखा गया। निगम के मुताबिक 150 से 200 डम्पर प्रतिमाओं को टेकरी के तालाब में विसर्जित किया जाएगा।
नहीं माने लोग
गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने नदियों, तालाबों, कुएं-बावडिय़ों में प्रतिमाओं के विसर्जन पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद बिलावली, सिरपुर और यशवंत सागर में प्रतिमाएं ठंडी करने के लिए लोग पहुंचे। कुछ जगहों पर निगम की टीम ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन श्रद्धालु नहीं माने।

Home / Indore / प्रशासन ने लगाया था प्रतिबंध…तो कहां से प्रकट हुई सौ ट्रक पीओपी की  मूर्तियां

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.