इंदौर

पुलिस को देख तीसरी मंजिल से लगा दी छलांग

-ससुराल में हंगामा कर रहा था युवक, पत्नी से चल रहा विवाद
– सूचना पर पहुंचा था डायल-100 का दल
– पुलिस आई तो छत पर चढ़ गया युवक, अब अस्पताल में

इंदौरJan 21, 2022 / 10:29 am

Manish Yadav

दो महिलाओं की हत्या के बाद अब पत्थर खदान में मिली युवक की लाश, फैली सनसनी

इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र की सैटेलाइट वैली कॉलोनी में युवक ने मकान की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। वह अपने ससुराल में हंगामा कर रहा था। जब ससुराल पक्ष ने पुलिस को बुलाया तो वह पुलिस की गाड़ी देखकर तीसरी मंजिल पर चढ़ गया और वहां से नीचे कूद गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
राहुल पिता रामसिंह निवासी खंडवा को घायल हालत में इलाज के लिए बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसे अस्पताल लेकर आए अजय ने बताया कि राहुल का उसकी पत्नी से विवाद चल रहा है। पत्नी अपने मायके में आकर रह रही है। वह कल रात को अपने ससुराल आया था। वहां पर शराब पीकर हंगामा करना शुरू कर दिया। इस पर ससुराल पक्ष ने डायल-100 पर फोन कर दिया था। वह पुलिस के आने तक हंगामा करता रहा। उसने जैसे ही पुलिस की गाड़ी देखी तो वह तीसरी मंजिल स्थित घर की छत पर चला गया। पुलिस के जवान कुछ समझ पाते इससे पहले ही वहां से नीचे कूद पड़ा। जवान गंभीर हालत में उसे अस्पताल लेकर आए। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
एक वर्ष पहले की लव मैरिज
राहुल ने एक करीब एक साल पहले लव मैरिज की थी। शादी के बाद से वह इंदौर आ गया। इस पर उसे एक बंगले पर काम दिलवा दिया था। वहां पर तीन-चार महीने रहा, लेकिन इसके बाद वहां से भी काम छोड़ दिया। कुछ दिन ससुराल पर रहा था, लेकिन शराब पीकर हंगामा किया करता था। इसी के चलते ससुराल वालों ने भी उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद वह आए दिन नशे की हालत में आकर हंगामा किया करता।
चार दिन पहले थाने पर दिया आवेदन
राहुल शराब पीकर हंगामा तो करता ही था, इसके साथ ही घर की दीवार पर आए दिन कुछ न कुछ लिखकर चला जाता था। इसके साथ ही हाथ की नस काटकर आत्महत्या करने की भी धमकी दे रहा था। उससे ससुराल पक्ष परेशान हो गया था। लड़की उसके साथ जाना नहीं चाहती थी। इसी के चलते उसे परिवार को लेकर आने को कहा ताकि परिवार से बात कर रिश्ता खत्म किया जा सके। वह जब नहीं माना तो चार दिन पहले पुलिस को आवेदन दिया था। पुलिस ने आरोपी के आने पर सूचना देने के लिए कहा था। इसी के चलते कल रात को उसने हंगामा किया तो परिवार ने पुलिस बुला ली थी।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.