scriptगर्मी में शरीर के लिए इसलिए जरूरी है तरबूज, साथ ही रखें ये सावधानी | benefits of watermelon in hindi | Patrika News

गर्मी में शरीर के लिए इसलिए जरूरी है तरबूज, साथ ही रखें ये सावधानी

locationइंदौरPublished: May 16, 2019 12:00:20 pm

हमें अपने खानपान में फल-सब्जियों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

watermelon

गर्मी में शरीर के लिए इसलिए जरूरी है तरबूज, साथ ही रखें ये सावधानी

इंदौर. हमें अपने खानपान में फल-सब्जियों को प्राथमिकता देनी चाहिए। अधिकतर लोग फलों को अपने खानपान में कम ही शुमार करते हैं। और मौसमी फलों का तो कहना ही क्या! हर मौसम में आने वाले मौसमी फल अन्य फलों की तुलना में अधिक फायदेमंद होते हैं। गर्मी में आने वाले फलों में तरबूज एक महत्त्वपूर्ण फल है। गर्मी के दौरान पानी की पर्याप्त पूर्ति करने वाले और हमें डीहाड्रेशन से बचाए रखने वाले तरबूज से हमें और भी कई फायदे हासिल होते हैं। इसे खानपान में प्रमुखता से शामिल करना चाहिए।
पर्याप्त ऊर्जा

तरबूज हमारे शरीर को ऊर्जा देता है। तरबूज में ऊर्जा स्तर बढ़ाने की क्षमता होती है। तरबूज में पोटेशियम, विटामिन और बीटा कैरोटीन की मात्रा पाई जाती है, जो शरीर के ऊर्जा स्तर को बढ़ाती है और उसे स्थिर बनाए रखती है। व्यायाम से पहले तरबूज का जूस पीने से हमें व्यायाम के दौरान डीहाइड्रेशन नहीं होता और ऊर्जा का स्तर बना रहता है।
पानी की पूर्ति

गर्मी के मौसम में पानी पीने का अधिक ध्यान रखना होता है। पानी की कमी कई परेशानी का कारण बन जाती है। निर्जलीकरण को रोकने के लिए गर्मी में 90 फीसदी पानी और महत्वपूर्ण इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर तरबूज बहुत ही अच्छा और बेहतरीन विकल्प है।
water
मांसपेशी दर्द

तरबूज में प्राकृतिक रूप से पाए जाने वाला अमीनो एसिड एल सिट्रोलाइन होता है, जो कि मांसपेशियों के दर्द को कम करने में सहायक होता है। मांसपेशियों के दर्द से राहत पाने के लिए तरबूज का जूस पी सकते हैं। यह शरीर में पानी की कमी को भी पूरा करता है। इससे एंटीऑक्सीडेंट की मात्रा प्राप्त होती है और मांसपेशियों के लिए जरूरी प्रोटीन भी इससे मिलता है।
दिल रहेगा स्वस्थ

हृदय संबंधी बीमारियों को रोकन में भी तरबूज मददगार होता है। तरबूज हमें दिल संबंधी परेशानियों से बचाए रखता है। तरबूज शरीर में कोलस्ट्रॉल के लेवल को नियंत्रित करता है। कोलस्ट्रॉल नियंत्रित रहने से हृदय संबंधी परेशानियों से हमारा बचाव होता है।
बीपी में फायदा

एक अध्ययन में यह पाया गया कि तरबूज खाने वाले लोगों का ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है। तरबूज में 90 फीसदी पानी होने से ये शरीर की गर्मी को कम करता है। एक अध्ययन के अनुसार मोटापे से ग्रस्त लोगों में उच्च रक्तचाप को नियंत्रित करने के लिए तरबूज लाभकारी साबित हुआ है। तरबूज के एक गिलास जूस का सेवन प्रतिदिन कर उच्च रक्तचाप से बच सकते हैं।
कम होगा वजन

तरबूज से वजन भी नियंत्रित किया जा सकता है। तरबूज में पानी की मात्रा अधिक होती है, जिससे भूख भी कंट्रोल होती है। यदि अपना वजन कम करना चाहते हैं तो अपने आहार में तरबूज को शामिल कर सकते हैं। तरबूज में फैट की मात्रा बहुत कम होती है।
सिर दर्द में राहत

गर्मियों के मौसम में अक्सर सिर दर्द की परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे में आप सिर दर्द को दूर करने के लिए तरबूज की मदद ले सकते हैं। तरबूज खाने से शरीर को ठंडक प्राप्त होती है और गर्मी की वजह से हो रहा सिर दर्द भी दूर हो जाता है। ऐसे में गर्मियों में सिर दर्द को दूर करने के लिए आप तरबूज खाने को प्राथमिकता दीजिए, इससे आपको सिर दर्द में राहत मिलेगी।
सावधानी भी रखें

एक व्यक्ति एक दिन में 200 ग्राम से अधिक तरबूज नहीं खाएं। जो गुर्दे की समस्या से परेशान हैं, उन्हें तरबूज का सेवन नहीं करना चाहिए। डायबिटीज से ग्रस्त व्यक्ति और गर्भवती महिलाएं कम मात्रा में ही तरबूज खाएं। अधिक तरबूज खाने से उल्टी, दस्त और गैस संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो