script

मर्यादा में रहने से जीवन होगा सार्थक

locationइंदौरPublished: Apr 18, 2018 10:50:46 pm

Submitted by:

amit mandloi

भौतिक सुख-साधन तो सभी तरफ हैं और मन का भटकाव करने के लिए कई साधन हैं। हमें इनसे बचकर संयम की डोर में बंधना होगा।

INDORE NEWS
-भजनों पर झूम उठे हजारों श्रद्धालु
बाणेश्वर कुंड पर आस्था का समागम…

इंदौर. जीवन में भौतिक सुख-साधन तो सभी तरफ हैं और मन का भटकाव करने के लिए कई साधन हैं। हमें इनसे बचकर संयम की डोर में बंधना होगा। हमारा जीवन तभी सार्थक होगा जब हम पूरी तरह मर्यादा में रहें। संयम आज की आवश्कता है।
बुधवार को भागवत मर्मज्ञ जया किशोरी ने बाणेश्वर कुंड पर श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा में हजारों श्रद्धालुओं के बीच उक्त विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा, श्रीकृष्ण के जीवन का हर पल शिक्षाप्रद है। श्रीमद् भागवत और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के प्रसंगों का स्मरण रखकर चिंतन करने से कोई कठिनाई पास नहीं आएगी। अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर कथा में भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। व्यास पीठ का पूजन आयोजक संजय-अंजलि शुक्ला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी आदि सहित डेढ़ सौ से ज्यादा महिला-पुरुषों ने सपरिवार किया।
बच्चों को सुनाएं महापुरुषों की कथा
जया किशोरी ने कहा, हमारे महापुरुषों ने अपने जीवन को आदर्श रूप में दिया है। बच्चों को महापुरुषों की प्रेरणास्पद कहानी सुनाएं और उनके जीवन से प्रेरणा का भाव जागृत करें। उनमें कुंठा और एकाकीपन दूर करना होगा। सामाजिक समरसता और बड़ों का आदर करने का पाठ घर पर ही सिखाना होगा।
समरसता का माहौल दिखा कथा में
सर्वेश तिवारी व टंटू शर्मा ने बताया, लगभग ४० हजार लोगों ने भोजन प्रसादी का आनंद लिया। कथा में सामाजिक समरसता का माहौल दिख रहा है। हर समाज और वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं।

…और भानजों को पकडऩे दौड़ पड़े मामा

– परशुराम जयंती पर १२५ बटुकों का सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार

इंदौर. बाणेश्वर कुंड पर सुबह छोटे-छोटे भानजे हाथ में छड़ी लिए जैसे ही भागे तो उन्हें पकडऩे के लिए उनके मामाओं को भी दौड़ लगानी पड़ी। बड़ी मुश्किल से भानजे मामा के हाथ आए। फिर शुरू हुआ मनुहार का दौर और उपहार देकर मामा भानजों को गोद में उठाकर लाए। यज्ञोपवीत संस्कार लेने वाले बटुकों को मामाओं को छकाते देख पूरे पांडाल का माहौल हंसी-खुशी में बदल गया। इसके बाद ऊं स्वति भिक्षाम देही बोलकर के साथ बटुकों ने वहां शामिल होने आए समाजजनों से कटोरा लेकर दान ग्रहण किया।
अखिल भारतीय ब्राह्मण संगठन ने अक्षय तृतीया पर १२५ बटुकों का सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार आयोजित किया। सुबह से मुंडन, दस विधि स्नान, बपन आदि सभी शुभ कर्म करते हुए बटुकों को यज्ञोपवीत धारण कराई। संगठन के संजय शुक्ला ने बताया, संस्कार पं. रामचंद्र शर्मा वैदिक के निर्देशन में वरिष्ठ कर्मकांडी विद्वानों ने संपन्न कराया। इस अवसर पर समाज के विष्णु प्रसाद शुक्ला, विधायक रमेश मेंदोला, प्रकाश व्यास, दिनेश शर्मा , अशोक चतुर्वेदी, जितेंद्र शर्मा, पं. कृपाशंकर शुक्ला भी मौजूद रहे। अनुप शुक्ला ने बताया, मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विशेष अतिथि भागवत मर्मज्ञ जया किशोरी विशेष रूप से बटुकों को आशीर्वाद देने पहुंचे। संस्कार में संगठन के अनिल तिवारी, विनोद द्विवेदी, पुष्पेंद्र शुक्ला, दीपू मिश्रा, दीपक शुक्ला, पंकज तिवारी, प्रमोद त्रिवेदी, मनीष मिश्रा, गौतम तिवारी, मोनेश जोशी आदि ने पुस्तक भेंट कर संस्कार की जानकारी उपलब्ध करवाई।
महाराष्ट्र मंडल ने गणेश मंडल जेलरोड पर ५ बटुकों का सामूहिक उपनयन संस्कार आयोजित किया। सचिव अन्वय कोटस्थाने ने बताया, मातृ भोजन, मुंडन, हवन सहित कई संस्कार हुए।

ट्रेंडिंग वीडियो