मामूली मजाक से भडक़ा विवाद, भाजपा नगर अध्यक्ष और उद्योगपति के बीच मारपीट
प्रदेश अध्यक्ष के सामने भाजपा नगर अध्यक्ष और उद्योगपति के बीच मारपीट

इंदौर. दशहरा मैदान पर धार्मिक आयोजन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की मौजूदगी में भाजपा नगर अध्यक्ष कैलाश शर्मा और उद्योगपति व भाजपा नेता हेमंत नीमा के बीच विवाद हो गया। मामूली मजाक से शुरू हुई बात इतनी बढ़ गई कि दोनों हाथापाई पर उतर आए। प्रदेश अध्यक्ष चौहान नीमा को लेकर सीएचएल अस्पताल रवाना हो गए, लेकिन शर्मा समर्थक वहां भी पहुंच गए और फिर मारपीट की।
शनिवार को श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ की पूर्णाहुति में प्रदेश अध्यक्ष चौहान मुख्य अतिथि थे। शाम को नगर अध्यक्ष शर्मा, विधायक रमेश मेंदोला, राजसिंह गौड़ और नीमा यज्ञशाला से बाहर बैठकर बातें कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीमा ने कार्यक्रम के दौरान सहयोग देने वालों के नाम विज्ञापनों से नदारद रहने की बात कही। इस पर थोड़ी हंसी-मजाक हुई, जो कुछ ही देर में बहस में बदल गई। नीमा ने शर्मा से जुड़ी किसी पुरानी बात का जिक्र किया और आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इससे शर्मा तैश में आ गए। उन्होंने नीमा को कुछ कहा तो दोनों के बीच विवाद हो गया। दोनों गुत्थमगुत्था हो गए। प्रदेश अध्यक्ष चौहान और विधायक मेंदोला दोनों को अलग करते, इससे पहले ही हाथ-पैर भी चल गए। बड़ी मुश्किल से दोनों को अलग कर मामला शांत किया।
जबसे ये नगर अध्यक्ष बने हैं, तबसे पार्टी में कुछ न कुछ विवाद हो रहे हैं। शनिवार दोपहर भी इन्होंने किसी के साथ अभद्रता की थी। प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार चौहान से मेरे पारिवारिक संबंध हैं। उनके सामने सारा घटनाक्रम हुआ। शर्मा के गुंडों ने सीएचएल में आकर हंगामा किया। मामला ऊपर तक पहुंच गया है। दशहरा मैदान और सीएचएल में हंगामा, विवाद जरूर हुआ, पर मारपीट नहीं हुई। मैंने पुलिस में कोई शिकायत नहीं की है।
हेमंत नीमा, भाजपा नेता व उद्योगपति, (भाजपा नगर अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने फोन नहीं उठाया, जबकि प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह से संपर्क नहीं हो सका)
अब पाइए अपने शहर ( Indore News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज