scriptमंडल स्तर पर कार्यालय बनाने की तैयारी में भाजपा | BJP in preparation for making office at divisional level | Patrika News

मंडल स्तर पर कार्यालय बनाने की तैयारी में भाजपा

locationइंदौरPublished: May 28, 2020 10:54:14 am

Submitted by:

Mohit Panchal

नगर भाजपा अध्यक्ष ने दिया सभी अध्यक्षों को लक्ष्य
 

मंडल स्तर पर कार्यालय बनाने की तैयारी में भाजपा

मंडल स्तर पर कार्यालय बनाने की तैयारी में भाजपा

इंदौर। भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष गौरव रणदिवे मंडल अध्यक्षों से पहली बार रूबरू हुए। राष्ट्रीय स्तर से आए आयोजन की जानकारी देने के बाद में सभी को एक लक्ष्य दिया। कहा कि दो माह में सभी अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में कार्यालय खोलना हैं ताकि संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन में आसानी हो जाए।
प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में ३८ साल की उम्र के गौरव रणदिवे के अध्यक्ष बनाए जाने के बाद कई वरिष्ठ नेताओं ने सवाल खड़े किए थे। मानना था कि परिपक्व कार्यकर्ता को ये जवाबदारी दी जाना चाहिए थी, जो संगठन की रीति-नीति के साथ कई गंभीर पदों पर काबिज भी रहा हो। हालांकि शुरुआती दौर में ये बवाल हुआ, लेकिन बाद में उनकी नाराजगी खत्म हो गई।
योग्यता पर अंगुली उठाने वाले वरिष्ठों को रणदिवे अब अपनी कार्य शैली से जवाब देने की तैयारी में हैं। नियुक्ति के बाद सभी की ऑनलाइन बैठक करने के बाद दो दिन पहले उन्होंने मंडल अध्यक्षों की प्रत्यक्ष भी बैठक कर ली, जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया। राष्ट्रीय स्तर से आए कार्यक्रम की सभी अध्यक्षों को जानकारी दी। कश्मीर से धारा ३७० हटाने, राम मंदिर, नागरिकता संशोधन कानून, तीन तलाक और कोरोना महामारी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका को लेकर कार्यकर्ताओं को लोगों के घर-घर जाने का आह्वान किया है।
हालांकि संगठन से निर्देश आने पर ये अभियान शुरू होगा। इसके अलावा रणदिवे ने सभी मंडल अध्यक्षों को एक लक्ष्य सौंपा। कहना था कि अपने मडंल की गतिविधियों के संचालन के लिए क्षेत्र में कार्यालय होना आवश्यक है। यह बीच सेंटर में होना चाहिए ताकि सभी जगह के कार्यकर्ता आ-जा सकें। नियमित मेल-मिलाप हो सके। जल्द ही जगह तय करके नगर को स्थान की जानकारी दी जाए। बकायदा उसका निरीक्षण करने के बाद में उसकी स्वीकृति ली जाए। कोरोना संकट खत्म होने के बाद उसकी शुरुआत की जाए। इससे गतिविधियां तेज होंगी।
मंडल तक जाने की तैयारी
कोरोना संकट की वजह से नगर भाजपा ने अपनी गतिविधियों को विराम दे रखा है। हालांकि अध्यक्ष रणदिवे ने कार्यालय पर शाम को बैठना शुरू किया। बकायदा आने वालों को पहले सैनिटाइज किया जाता है तो सोशल डिस्टेंसिंग पर कुर्सियां लगाई गई हैं। योजना के हिसाब से रणदिवे कोरोना खत्म होने के बाद सभी मंडलों का दौरा करेंगे। बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से मेल-मिलाप कर नीचे तक पकड़ बनाने का प्रयास करेंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो