scriptअपने हिसाब से विधानसभा की टीम बनाएंगे आकाश | BJP leaders removed mla akash Vijayvargiya will be made of the choice | Patrika News

अपने हिसाब से विधानसभा की टीम बनाएंगे आकाश

locationइंदौरPublished: Jan 22, 2019 10:42:58 am

Submitted by:

Mohit Panchal

क्षेत्र-३ में भाजपा के दोनों मंडल अध्यक्षों की छुट्टी, कार्रवाई… उषा ठाकुर समर्थकों को हटाया, आकाश से मांगे चार-चार नाम

akash

अपने हिसाब से विधानसभा की टीम बनाएंगे आकाश

इंदौर। क्षेत्र-३ में भाजपा के दोनों मंडल अध्यक्षों की छुट्टी कर दी गई। अधिकृत मुहर नए की घोषणा के साथ लग जाएगी। इसको लेकर नगर भाजपा ने विधायक आकाश विजयवर्गीय से चार चार नाम की पेनल मांगी है। ये दोनों ही उषा ठाकुर समर्थक थे, जिन्होंने काम करना बंद कर दिया था।
वैसे तो भाजपा में मंडल से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति चुनाव के जरिए होती है, लेकिन वर्षों से इंदौर में न तो मंडल अध्यक्ष का चुनाव हुआ, न ही नगर अध्यक्ष का। मंडल में विधायक की पसंद के व्यक्ति को बना दिया जाता है ताकि संगठन भी उनके हिसाब से चले। वहीं, नगर के लिए सांसद व विधायकों की राय लेने के बाद संभागीय संगठन मंत्री की पसंद से राजधानी में बैठे नेता अपना पराया देखकर तय कर देते हैं।
ऐसी ही नियुक्ति तीन नंबर विधानसभा में भी मंडल अध्यक्षों की हुई थी। विधायक उषा ठाकुर ने अहिल्या मंडल में शिव कौल व कुशाभाऊ ठाकरे में सचिन मौर्य को अध्यक्ष बना दिया था। जैसे ही ठाकुर महू गईं, वैसे ही दोनों अध्यक्षों की निष्ठा भी उनके साथ ही चली गई। आकाश विजयवर्गीय के टिकट की घोषणा के साथ कौल ने तो काम करने से ही इनकार कर दिया था।
वे पूरे समय महू में रहे तो मौर्य ने आधे मन से काम किया। चुनाव के बाद तबीयत खराब होने की वजह से मौर्य ध्यान नहीं दे पाते हैं। ये बात नगर भाजपा की जानकारी में डाल दी गई थी, जिस पर उन्होनें अप्रत्यक्ष तौर पर दोनों को हटा दिया। साथ ही आकाश से दोनों मंडलों में तीन-तीन, चार-चार नाम मांगे हैं। संभावना है कि जनवरी के अंत या फरवरी के पहले सप्ताह में नए अध्यक्षों की घोषणा हो जाएगी।
नेमा के निशाने पर थे मौर्य
नगर अध्यक्ष गोपी नेमा भी सचिन मौर्य को हटाना चाहते थे। इसके पीछे की वजह ये है कि चुनाव के पहले नेमा ने विशाल यादव को पदाधिकारी बनाने के लिए कहा था। मौर्य ने कार्यालय आकर घोषणा भी कर दी थी। बकायदा हार पहनाकर विशाल को बधाइयां दी गई लेकिन मौर्य ने बाद में नियुक्ति को लेकर खंडन कर दिया था, तब से वे नेमा के निशाने पर थे।
संतुलन बनाने वाले को पद
मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर आकाश ने साफ कर दिया है कि वे अपनी पसंद से बनाएंगे। उनका प्रयास है कि सभी नेताओं से अच्छे ताल्लुक रखकर संतुलन बनाने वाले नेताओं को ये जवाबदारी दी जाए ताकि विवाद की स्थिति न बने।

ट्रेंडिंग वीडियो