ये हरकत सांसद शंकर लालवानी के खास माने जाने वाले महेश जोशी ने की। वार्ड 41 में रहने वाले जोशी आज सुबह मतदान करने पहुंचे। मोबाइल प्रतिबंधित होने के बावजूद बूथ तक लेकर गए। वहां पर महापौर के लिए पुष्यमित्र भार्गव व पार्षद के लिए प्रणव मंडल को वोट देते हुए फोटो खिचाकर उन्होंने सोशल मीडिया पर डाल दिया। फोटो वायरल होने पर बवाल मचा हुआ है।
कोई गोपनीयता भंग कैसे कर सकता है। पर्दे के पीछे की कहानी ये भी सामने आई है कि जोशी वार्ड से पार्षद की दावेदारी कर रहे थे, लेकिन टिकट नहीं मिला। उसके बाद वे खासे नाराज थे, लेकिन बाद में मनाने पर मान गए और वार्ड के काम पर लग गए थे। उसके बावजूद कुछ लोग उनके भितरघात करने की खबरों को हवा दे रहे थे। बताते हैं कि ऐसा करके उन्होंने खुद को सिद्ध करने का प्रयास किया।
चंदन नगर में भाजपाइयों को भगाया, पहुंचे महापौर प्रत्याशी एक नंबर विधानसभा में आने वाला वार्ड 2 मुस्लिम बाहुल्य है। यहां भाजपा ने पार्षद के लिए बबली नरवरे को प्रत्याशी बनाया है। उनके समर्थकों ने सुबह बाल विकास स्कूल में आने वाले बूथ नंबर 40, 41 और 42 के बाहर टेबल लगाई थी। सुबह कांग्रेस प्रत्याशी यास्मीन मुबारिक मंसूरी के समर्थकों ने भाजपाइयों को टेबल हटाने का बोला। इस पर विरोध किया तो आमने सामने की स्थिति बन गई।
विवाद से बचने के लिए भाजपाई पीछे हट गए लेकिन इसकी सूचना महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता तक पहुंची। दोनों नेता मौके पर पहुंच गए। निर्वाचन के अधिकारियों को मामले की शिकायत की गई। इसी प्रकार की स्थिति वार्ड 58 के सदरबाजार में भी बनी। जब मुस्लिम बहुल्य बूथों पर भाजपा की टेबल लगने नहीं दी गई। इसके अलावा वार्ड 25 में भी विवाद हो गया।