script

नगर निगम में अपनी ही भाजपा परिषद के खिलाफ विधायक ने किया चक्काजाम

locationइंदौरPublished: Jun 02, 2019 11:09:36 am

Submitted by:

Uttam Rathore

एमआईसी मेंबर, पार्षद, भाजपा नेता और जनता बैंठी सड़क पर, कुलकर्णी भट्टा पुल और पानी की टंकी बनाने में देरी होने पर किया प्रदर्शन
 

BJP protested

नगर निगम में अपनी ही भाजपा परिषद के खिलाफ विधायक ने किया चक्काजाम

इंदौर. नगर निगम में भाजपा की परिषद है। अपनी ही परिषद के खिलाफ भाजपाइयों ने आज सुबह चक्काजाम कर दिया। इसके चलते विधायक, एमआईसी मेंबर और पार्षद सहित भाजपा नेता सड़क पर बैठ गए। कुलकर्णी भट्टा पुल और पानी की टंकी निर्माण में हो रही देरी को लेकर यह प्रदर्शन किया गया। निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
कुलकर्णी भट्टा पुल का निर्माण नगर निगम कर रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र में पानी की टंकी का निर्माण भी किया जा रहा है। पुल और टंकी के निर्माण का काम कछुआ चाल से चल रहा है। इसके साथ ही टंकी की न तो सही ढंग से तरी की जा रही और न ही निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है। पुल निर्माण के चलते रहवासियों सहित अन्य आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। पुल के साथ टंकी निर्माण के काम में तेजी लाने के लिए क्षेत्रीय भाजपा पार्षद प्रिया यादव ने निगम के संबंधित अफसरों को कई बार कहा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पुल और टंकी के निर्माण में निगम के ढीलपोल रवैये के चलते और अफसरों के न सुनने पर आज सुबह 10 बजे अपनी भाजपा परिषद के खिलाफ नेता प्रदर्शन करने उतर आए। कुलकर्णी भट्टा पुल से थोड़ी आगे सुभाष नगर रोड पर दो नंबरी भाजपाइयों ने चक्काजाम किया। पार्षद प्रिया यादव के रिश्तेदार और भाजपा नेता जीतू यादव के नेतृत्व में यह चक्काजाम हुआ। इसमें क्षेत्रीय विधायक रमेश मेंदोला, एमआईसी मेंबर चंदूराव शिंदे और अन्य भाजपा नेताओं सहित क्षेत्र की जनता शामिल हुई। विधायक मेंदोला और एमआईसी मेंबर शिंदे के साथ जनता सड़क पर बैठ गई। इसके साथ ही निगम प्रशासन हाय…हाय…और अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। विधायक मेंदोला के साथ सड़क पर बैठी जनता खाली मटके लेकर भी पहुंची, जिन्होंने जलसंकट को लेकर काफी नाराजगी जाहिर की। चक्काजाम के चलते वाहन चालक निकलने में काफी परेशान हुए। निगम में अपनी पार्टी भाजपा परिषद के खिलाफ विधायक मेंदाला और एमआईसी मेंबर शिंदे के सड़क पर बैठने की खबर के बाद से भाजपा संगठन में हलचल अलग मच गई।
मुख्यमंत्री कमल नाथ के खिलाफ लगावाए नारे
चक्काजाम के दौरान जनता निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रही थी। इस पर विधायक मेंदोला ने टोका और बोला कि निगम में अपनी भाजपा परिषद है। इसलिए मुख्यमंत्री कमल नाथ और कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाओ। इसके बाद लोग मुख्यमंत्री नाथ और कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाने लगे। उन्होंने कांग्रेस के साथ ही निगम के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। इस पर चर्चा होने लगी कि कुलकर्णी भट्टा पुल और टंकी का निर्माण जब निगम की भाजपा परिषद करा रही है तो फिर नाथ और कांग्रेस के खिलाफ नारे क्यों लगवाए? इस निर्माण कार्य से कांग्रेस का कोई लेना-देना ही नहीं है। हालांकि चलते प्रदर्शन में मेंदोला और शिंदे उठकर चले गए थे।
साइड में खड़े रहे निगम अफसर
कुलकर्णी भट्टा पुल और टंकी निर्माण को लेकर भाजपा नेताओं के चक्काजाम करने की सूचना मिलते ही सबसे पहले मौके पर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अधीक्षण यंत्री महेश शर्मा मौके पर पहुंचे। विधायक मेंदोला के साथ प्रदर्शन कर रही भीड़ को देखकर वे साइड में खड़े हो गए। साथ ही अन्य अफसरों के आने का इंतजार करने लगे ताकि प्रदर्शनकारियों से बातकर मामले को शांत किया जा सके।

ट्रेंडिंग वीडियो