इंदौर

अचानक इंदौर आए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री, आधी रात को नेताओं से बोले- गड़बड़ हुई तो छोड़ूंगा नहीं

अब वे दो दिन यहीं रहकर नेताओं पर नजर रखेंगे।

इंदौरMay 16, 2019 / 12:21 pm

हुसैन अली

अचानक इंदौर आए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री, आधी रात को नेताओं से बोले- गड़बड़ हुई तो छोड़ूंगा नहीं

इंदौर. भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल बुधवार को अचानक इंदौर पहुंचे और आधी रात को होटल रेडिसन में भाजपा नेताओं की क्लास ली। उन्होंने सभी को दो टूक कहा कि अगर गड़बड़ हुई तो किसी को नहीं छोडूंगा।
सूत्रों का दावा है, शीर्ष नेताओं ने संगठन को रिपोर्ट दी थी कि स्थानीय नेता भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी के लिए काम नहीं कर रहे हैं। इसके बाद ही रामलाल रात 9 बजे इंदौर आए। अब वे दो दिन यहीं रहकर नेताओं पर नजर रखेंगे। सूत्रों का कहना है, होटल में हुई बैठक में उन्होंने नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा, सभी विधायक, महापौर और अन्य पदाधिकारियों को फटकार लगाई। स्पष्ट शब्दों में कहा, यदि सीट का परिणाम प्रभावित हुआ तो सभी मुश्किल में आ जाओगे। अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए तैयार रहना। बताया जा रहा है, विनय सहस्त्रबुध्दे व नरेंद्र सिंह तोमर ने संगठन मंत्री को जमीनी हकीकत से अवगत कराया था। उन्होंने, जनसंपर्क की स्थिति और पार्टी की बूथ रणनीति पर भी नाराजगी जताई और तुरंत काम में जुटने को कहा है।
इधर, बीच चुनाव में बंगाल पहुंचे चुनाव संचालक, विवाद बढ़ा तो उल्टे पैर लौटे

संगठन मंत्री के अचानक इंदौर आने की बड़ी वजह स्थानीय नेताओं का बंगाल प्रेम भी है। हद यह है कि खुद चुनाव संचालक ही बीच में काम छोडक़र पश्चिम बंगाल जा पहुंचे। हालांकि जब इसे लेकर विवाद बढ़ा तो उल्टे पैर लौट आए। पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली की आड़ में लोकसभा चुनाव संचालक विधायक रमेश मेंदोला साथियों के साथ मंगलवार को वहां जा पहुंचे। प्रचार के आखिरी दौर में चुनाव संचालक का क्षेत्र छोडऩे को लेकर पार्टी में विवाद की स्थिति बन गई। उनके साथ पूर्व विधायक जीतू जिराती, पार्षद चंदू शिंदे, राजेंद्र राठौर आदि नेता भी थे। ये नेता उस समय शहर छोडक़र गए जब प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे यहां आ हुए थे। सूत्रों का कहना है, मामला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया गया। विवाद बढ़ते देख मेंदोला सहित अन्य नेता बुधवार को वापस लौट आए। पूर्व विधायक जिराती का कहना है, सिर्फ राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली के लिए सभी बंगाल गए थे और तुरंत लौट भी आए हंै।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.