इंदौर

गुड़-धनिया बांटकर स्थापना दिवस मनाएगी भाजपा

भाजपा का संघर्ष व इतिहास बताएंगे नेता

इंदौरApr 05, 2019 / 10:54 am

Mohit Panchal

गुड़-धनिया बांटकर स्थापना दिवस मनाएगी भाजपा

इंदौर। भाजपा कल अपना स्थापना दिवस गुड़-धनिया बांटकर मनाएगी। इसी दिन हिंदू नववर्ष (गुड़ी पड़वा) का पर्व भी है। सुबह वार्डों में आयोजन किए जाएंगे तो शाम को विधानसभा स्तर पर। प्रमुख नेता भाजपा का संघर्ष व इतिहास बताएंगे।
6 अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना हुई थी उस दिन भी हिंदू नववर्ष गुड़ी पड़वा था। 39 साल बाद फिर यह संयोग बन रहा है। इस मौके पर भाजपा कई आयोजन करने जा रही है। वार्ड व बूथ स्तर पर कार्यकर्ता इक_ा होंगे और अपने घरों पर झंडा लगाएंगे। साथ में गुड़धनिया भी बांटा जाएगा।
इसके अलावा शाम को विधानसभाओं में कार्यक्रम व बैठक रखी गई है जिसमें सभी प्रमुख नेताओं को भेजा जा रहा है। एक नंबर में विधायक रमेश मेंदोला व संतोष मेहता पहुंचेंगे तो दो में कृष्णमुरारी मोघे, तीन में पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, चार में संगठन मंत्री जयपालसिंह चावड़ा, पांच में पूर्व विधायक जीतू जिराती व कमल वाघेला और राऊ में नगर अध्यक्ष गोपी नेमा और मुकेश राजावत जाएंगे।
ये सभी 1951 में जनसंघ की स्थापना से संघर्ष की कहानी बताएंगे। इतिहास के साथ में 2 से 283 सीट तक पहुंचने की कहानी बताई जाएगी ताकि कार्यकर्ता प्रेरणा लेकर काम करें। साथ ही डिजिटल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की गौरव यात्रा एवं मोदी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अलावा कई नेता सेवा कार्य भी करेंगे जिसमें अस्पतालों में दवाई व फल वितरण किया जाएगा। अनाथ आश्रम, वृद्धाश्रम में कार्यक्रम होंगे।
तीन नंबर में होगा रक्तदान
विधायक आकाश विजयवर्गीय ने दीनदयाल भवन के नीचे सुबह ९ बजे आयोजन रखा है। स्थापना दिवस मनाने बाद में कार्यकर्ता रक्तदान करेंगे। बकायदा इसके लिए शिविर लगाया जा रहा है। 500 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है।

Home / Indore / गुड़-धनिया बांटकर स्थापना दिवस मनाएगी भाजपा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.