scriptशिवराज की जन आर्शीवाद यात्रा में इंदौरी नेताओं का शक्ति प्रदर्शन | CM Shivraj Singh Chauhan ki jan aashirwad yatra me pahuche indori | Patrika News

शिवराज की जन आर्शीवाद यात्रा में इंदौरी नेताओं का शक्ति प्रदर्शन

locationइंदौरPublished: Jul 14, 2018 10:58:11 am

Submitted by:

Mohit Panchal

यात्रा में इंदौर से जुटी भीड़, हरी झंडी दिखाने आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह

jan aashirwad yatra

शिवराज की जन आर्शीवाद यात्रा में इंदौरी नेताओं का शक्ति प्रदर्शन

इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा आज उज्जैन से शुरू होने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल होने आ रहे हैं। आयोजन में शामिल होने के लिए बसों और कारों से बड़ी संख्या में इंदौरी कार्यकर्ता जा रहे हैं। हालांकि नेताओं को भीड़ का जो आंकड़ा दिया गया था, उतनी बसें तो पार्टी भी नहीं दे पाई। इसका अंदेशा पहले ही कुछ नेताओं को हो गया था, जिसके चलते उन्होंने चार पहिया वाहनों की व्यवस्था जुटाई।
महाकाल के दर्शन बाद आज उज्जैन से मुख्यमंत्री चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा शुरू होगी। प्रदेश भाजपा ने उज्जैन संभाग और इंदौर नगर व जिला को भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया था। इसके चलते राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने दो-दो बैठकें कीं। एक एक विधानसभा में दो-दो सौ बसों का लक्ष्य दिया था। ग्रामीण क्षेत्र को ३१७ बसें ले जाने को कहा था, लेकिन पार्टी खुद १२५ बसें दे पाई। शहर की हालत भी ऐसी ही थी। ५० से १०० बसें ही हर विधानसभा में पहुंच पाईं।

स्थिति देखते हुए भाजपाइयों ने चार पहिया वाहनों पर जोर देना शुरू कर दिया था। वरिष्ठ नेता मधु वर्मा ने रीजनल पार्क पर चार पहिया वाहन इक_ा करना शुरू कर दिए थे। आइडीए अध्यक्ष शंकर लालवानी की टीम लालबाग में जमा हुई। मजेदार बात ये है कि नगर भाजपा ने जानबूझकर बस वितरण के लिए लालबाग का चयन किया, ताकि लालवानी का कार्यक्रम गड़बड़ा जाए। इधर, विधायक सुदर्शन गुप्ता, रमेश मेंदोला, उषा ठाकुर, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया और जीतू जिराती ने भी बसों के अलावा चार पहिया वाहन जुटाए।
गौड़ व गुप्ता करेंगे अगवानी
जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दोपहर एक बजे इंदौर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। उनकी आगवानी की जिम्मेदारी महापौर मालिनी गौड़ और विधायक सुदर्शन गुप्ता को दी गई। दोनों नेता शाह के साथ ही उज्जैन रवाना होंगे।
मालू और तिवारी को मिली जवाबदारी
यात्रा को लेकर गोविंद मालू और सर्वेश तिवारी को अहम् जिम्मेदारी दी गई। मालवा, नर्मदापुरम और ग्वालियर क्षेत्र में मालू और उदय अग्रवाल मीडिया की जिम्मेदारी संभालेंगे तो विंध्य, महाकौशल और बुंदेलखंड में तिवारी के साथ हितेश वाजपेयी रहेंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो