इंदौर

उल्लास के रंगों से रंगीन हुआ आकाश, जमकर हुई पतंगबाजी

मकर संक्राति पर जगह-जगह आयोजन, तिल-गुड़ खिलाकर कराया मुंह मीठा

इंदौरJan 14, 2018 / 10:42 pm

amit mandloi

इंदौर. मकर संक्रांति पर उल्लास के रंगों से आकाश रंगीन हो गया। शहर में जमकर पतंगबाजी हुई। लोगों ने तिल-गुड खिलाकर एक दूसरे को मीठा मुंह करवाया और एक-दूसरे की बधाई दी। शहर में कई जगहों पर मकर संक्रंाति पर पतंगबाजी के आयोजन हुए। संक्रंाति के अवसर पर पुण्यकाल में खिचड़ी सहित अन्य वस्तुओं का भी दान किया गया।
रविवार को दोपहर १.४५ बजे सूर्य के धनु राशि से मकर राशि में गए, लेकिन सुबह से ही मकर संक्रांति का उल्लास शहर में छा गया। पंडितों के अनुसार पूरे दिन पुण्यकाल होने से मंदिरों में आयोजन के साथ ही लोगों ने दान भी किया। घरों में गुड़-तिल के लड्डू और खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। घर के बड़ों से तिल्ली लेकर छोटों ने आशीर्वाद लिया। रविवार से शुभ और मंगल कार्य की शुरूआत भी हो गई। शहर में दिनभर छतों पर युवा और बच्चें पतंग उड़ाते रहे। ठंड के मौसम में छतों पर धूप का आनंद लेते हुए परिवारों ने संक्रांति का पर्व धूमधाम से मनाया। मीठे और नमकीन ताए और खिचड़ी की खुशबू गली-मोहल्लों में फैली रही। परिवार के लोग छतों पर ही जमे रहे। महिलाओं ने पूजन कर आस-पड़ोस की महिलाओं को हल्दी-कुंकू कर सुहाग की वस्तुएं दी। महिलाओं ने मैदान में गिल्ली डंडा और सितोलिया भी खेला।
गोशालाओं में रही भीड़
गाय को चारा खिलाने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करना पड़ी। शहर में गाय नहीं मिलने से चारा लेकर लोग गोशाला की ओर जाते दिखाई दिए। सुबह-सुबह लोग हरा चारा लेकर शहर में निकले पर गाय नहीं मिलने से मकर संक्रांति पर गौशालाओं में अधिक भीड़ दिखाई दी। व्यंकटेश मंदिर छत्रीबाग, अहिल्यामाता गौशाला केशरबाग रोड, आनंदमयी आश्रम सहित अनेक जगह पर गौशाला पर सेवा करने के लिए लोग पहुंचे।
पतंगों की दुकानों पर रही भीड़
सुबह से लेकर शाम तक पतंग की दुकानों पर काफी भीड़ रही। दोपहर बाद तो दुकानदारों ने पतंगों के भाव भी बड़ा दिए। कई दुकानों पर तो पतंग खत्म हो गई। शहर में कई स्थानों पर पतंगबाजी और प्रतियोगिताओं के बड़े-बड़े आयोजन हुए।
 
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.