प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के आदेश पर मूल्यवृद्धि, खाने-पीने की आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी लगाने व अग्निपथ योजना के खिलाफ संभागायुक्त कार्यालय पर रखे गए प्रदर्शन में 19 में से सिर्फ दो पार्षद अनवर कादरी व कुणाल सोलंकी ही आए। बाकी पार्षद गायब रहे। इनके साथ ही विधायक संजय शुक्ला प्रदर्शन में शामिल हुए और विधायक जीतू पटवारी व विशाल पटेल नहीं आए। पार्टी के कई पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता भी नदारद रहे।
जो नेता प्रदर्शन में पहुंचे, वे अपने साथ भीड़ नहीं लाए। नतीजतन हमेशा की तरह कांग्रेस के प्रदर्शन में भीड़ नहीं दिखाई दी। शहर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले और शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक अश्विन जोशी और शहर कांग्रेस प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल में किसी बात को लेकर कहासुनी अलग हो गई। दोनों को आपस में भिड़ते देख अन्य नेताओं ने मोर्चा संभाला और समझाइश देकर मामले को शांत किया।
प्रदर्शन में रमेश यादव उस्ताद, राजेश चौकसे, अनिल यादव, देवेंद्र सिंह यादव, दीपू यादव, शेख अलीम, गिरधर नागर, अमन बजाज, अनवर दस्तक, अंसाफ अंसारी, अमित चौरसिया, नीलेश पटेल, अनूप शुक्ला, संजय बाकलीवाल, किरण जिरेती, जया तिवारी, शशि यादव, मनीषा शिरोढक़र आदि मौजूद थे। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन दिया गया।
