scriptकांग्रेस के स्थापना दिवस में भी नहीं पहुंचे कांग्रेसी | congress | Patrika News

कांग्रेस के स्थापना दिवस में भी नहीं पहुंचे कांग्रेसी

locationइंदौरPublished: Dec 28, 2021 10:04:09 pm

बमुश्किल 40 कार्यकर्ताओं ने मनाया स्थापना दिवस

congress

कांग्रेस स्थापना दिवस कार्यक्रम में 90 साल की महिला कांग्रेस नेता हलीमा बी का सम्मान करते प्रदेश सचिव राजेश चौकसे

इंदौर. कांग्रेस के 137 वें और कांग्रेस सेवादल के 98वें स्थापना दिवस के कार्यक्रम में भी कांग्रेसी नेता इकट्ठा नहीं हुए। कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर आयोजित किए गए कार्यक्रम में बमुश्किल 40 कांग्रेसी नेता पहुंचे थे। जबकि इंदौर में प्रदेश कांग्रेस के ही 150 से ज्यादा पदाधिकारी हैं। इसी तरह से सेवादल के भी शहर में 2000 से ज्यादा सक्रिय सदस्य होने का दावा कांग्रेस करती है।
कांग्रेस स्थापना दिवस के कार्यक्रम में सबसे पहले ध्वज परिवर्तन हुआ। इसके बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल और सेवादल अध्यक्ष मुकेश यादव ने सलामी दी। जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के संदेश का वाचन शहर अध्यक्ष बाकलीवाल ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लक्ष्मी पुंडलिक, रमेश घाटे, श्यामसुंदर यादव, लेखराज नरवले, हलीमा बी का गांधी भवन में सम्मान किया गया। वहीं पूर्व सेवादल अध्यक्ष ओंकार यादव का सम्मान उनके घर जाकर कांग्रेस नेताओं ने किया। वहीं इस दौरान शहर अध्यक्ष बाकलीवाल ने उपस्थित कांग्रेस नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि साम्प्रदायिक ताकतें देश को तोडऩे का काम कर रही है, उसका हमें डटकर मुकाबला करना है। भजापा पूरे देश में झूठ का माहौल बना रही है, उसे हमें उजागर करना है।
जब हुआ पूर्व अध्यक्ष टंडन का जिक्र
कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा भाषण दे रहे थे। इसी दौरान उन्होंने शहर कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में बाकलीवाल की जगह कांग्रेस छोड़ चुके प्रमोद टंडन का नाम ले दिया। हालांकि पूरा नाम लेने के पहले ही उन्हें याद आया तो वे रूक गए। गौरतलब हैै कि टंडन ने 2020 में कांग्रेस को छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली थी।

ट्रेंडिंग वीडियो