कांग्रेस के डिजिटल सदस्यता अभियान को लेकर उज्जैन में बैठक रखी गई थी। इसमें शामिल होने प्रदेश कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष बच्चन भी इंदौर से उज्जैन के लिए रवाना हुए। कांग्रेस नेता ओम सिलावट, श्याम सोनी और हंसराज मंडलोई आदि ने उन्हें रास्ते में सांवेर की भुट्टा चौपाटी चौराहा पर रोक लिया। यहां उनकी आगवानी करने के बाद भाजपा के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा झूठे प्रकरण में फंसाकर प्रताडि़त करने की जानकारी दी। कांग्रेस नेता सोनी और उनके परिजन को परेशान कर झूठे प्रकरण दर्ज कर जेल भेजने की बात से भी अवगत कराया। साथ ही बताया कि अब उनके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की जा रही है। इस पर कार्यवाहक अध्यक्ष बच्चन ने आश्वस्त किया कि पूरी कांग्रेस पार्टी आप जैसे दमदार व वफादार कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है। सोनी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं, उनके साथ में किसी भी प्रकार से अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। जिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के ऊपर दुर्भावनावश झूठे प्रकरण दर्ज करवा रहे हैं, उनके मामले विधानसभा में उठाऊंगा। भाजपा नेताओं के संरक्षण में जो लोग अवैध काम कर रहे हैं, उनकी जांच करवाने की मांग को भी उठाया जाएगा।
योग्य व निष्ठावान को मिलेगा मौका बच्चन के समक्ष कांग्रेसियों ने जिले के उन पदाधिकारियों की शिकायत की, जो बिना बात कार्यकर्ताओं को परेशान करते हैं। साथ ही भाजपा नेताओं की मदद करते हैं। इस पर बच्चन ने कहा कि कांग्रेस के जिन पदाधिकारियों के कांग्रेस छोडक़र भाजपा में गए क्षेत्र के विधायक और मंत्री तुलसी सिलावट से संबंध हैं और अब भी उनके प्रति वफादारी निभा रहे हैं, उन्हें चिह्नित कर नाम दो। कार्रवाई जरूर होगी। ऐसे पदाधिकारी जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त कर रहे हैं, उनको जल्द से जल्द पद से हटाकर योग्य और निष्ठावान लोगों की संगठन में नियुक्ति की जाएगी। निष्क्रिय नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। बच्चन से मुलाकात के दौरान सांवेर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष इसहाक खान पठान, जावेद खान, फखरुद्दीन काजी, मनीष पटेल सहित अन्यकांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।