scriptअयोध्या में मंदिर निर्माण और श्रीराम की भक्ती में डूबी कांग्रेस | Congress steeped in Sri Ram temple construction and devotion | Patrika News

अयोध्या में मंदिर निर्माण और श्रीराम की भक्ती में डूबी कांग्रेस

locationइंदौरPublished: Aug 05, 2020 11:26:51 am

Submitted by:

Uttam Rathore

पार्टी कार्यालय में हुआ सुंदरकांड का पाठ और जले दीप, जय श्रीराम के नारों से पहली बार गूंजा गांधी भवन, सांवेर में बांटे लड्डू

अयोध्या में मंदिर निर्माण और श्रीराम की भक्ती में डूबी कांग्रेस

अयोध्या में मंदिर निर्माण और श्रीराम की भक्ती में डूबी कांग्रेस

इंदौर. अयोध्या में आज से शुरू हो रहे श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर जहां भाजपा सहित अन्य हिंदूवादी संगठन उत्साह में है, वहीं कांग्रेस भी श्रीराम की भक्ती में डूब गई है। कांग्रेस नेताओं ने पार्टी कार्यालय में सुंदरकांड पाठ कराने के साथ दीप जलाए और बजरंगबली के मंदिर-मंदिर हनुमान चालिसा का पाठ अलग किया। जय श्रीराम के नारों से पहली बार गांधी भवन के साथ सांवेर विधानसभा भी गूंजी, क्योंकि यहां पर उपचुनाव होना है। लड्डूओं का वितरण करने के साथ रक्षा सूत्र अलग बांधे गए।
पूरे देश में खुशी का माहौल है। श्रीराम मंदिर निर्माण के चलते शहर कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में भी अलग ही नजारा देखने को मिला। जो आज तक नहीं हुआ, वो वहां घटित हुआ। कभी राम नाम से परहेज रखने वाले कांग्रेस नेता राम की भक्ति में डूबे हुए थे। जय…जय सिया…राम और जय श्रीराम के नारों से पहली बार गांधी भवन गूंजा। जिस भगवा रंग को कभी कांग्रेस के कतिपय बड़े नेता आतंकवाद से जोड़कर देखते थे, उसी पार्टी के विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, प्रदेश सचिव राजेश चौकसे, व्यापारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शैलेष गर्ग, कांग्रेस नेता भंवर शर्मा, देवेंद्र सिंह यादव, मुकेश यादव, विवेक खंडेलवाल, गिरीश जोशी और सन्नी राजपाल सहित अन्य कई नेता सुंदरकांड का किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के आदेश पर गांधी भवन में यह आयोजन हुआ, क्योंकि वे हनुमान भक्त हैं। सुंदरकांड की समाप्ति पर आरती की गई और प्रसाद वितरण हुआ इसके साथ ही अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण की खुशी को जाहिर कर गांधी भवन पर दीप भी जलाए। इस बीच प्रभु श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।
अयोध्या में मंदिर निर्माण और श्रीराम की भक्ती में डूबी कांग्रेस
71 हजार घरों पर महाकाल का प्रसाद बंटना शुरू
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का भूमिपूजन होने पर मंत्री तुलसी सिलावट आज लड्डू बंटवा रहे हैं। इसके पहले पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू ने महाकाल के प्रसाद के रूप में लड्डू और रक्षासूत्र का वितरण शुरू करवा दिया, जो आज से शुरू हुआ। पिछले दिनों पूरे सांवेर विधानसभा क्षेत्र में चलाए गए हर-हर महादेव, घर-घर महादेव अभियान के अंतर्गत यह कार्यक्रम किया जा रहा है। इसके चलते विधानसभा क्षेत्र के 71 हजार घरों में भगवान शिव की स्थापना की गई और पूजन का कार्य शुरू हुआ था। इस आयोजन की अगली कड़ी के रूप में आज से इन 71 हजार घरों पर प्रसाद का वितरण शुरू किया गया। सांवेर के चंद्रावतीगंज, पाल काकरिया, मांगलिया, कनाडिया, कंपेल, बूढ़ी बरलई, कूड़ाना, धतुरिया और टाकून ग्राम तथा उनके आसपास के क्षेत्र में लड्डू वितरण की शुरुआत हुई। इस क्षेत्र में कांग्रेस के कार्यकर्ता हर-हर महादेव, बोल बम और जय जय श्रीराम का उद्घोष करते हुए घर-घर पहुंचे। हर घर पर बाबा महांकाल के प्रसाद के रूप में बूंदी के लड्डू और रक्षासूत्र भेंट किया गया। यह आयोजन पांच दिनों तक चलेगा। पूर्व सांसद गुड्डू ने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में रक्षासूत्र तैयार करवाते समय यह प्रार्थना की गई है कि बाबा हम सभी को कोरोना जैसी महामारी से बचाएं और सभी की रक्षा करें। इसी भावना के साथ यह रक्षासूत्र हर ग्रामीण तक पहुंचाया जा रहा है।
अयोध्या में मंदिर निर्माण और श्रीराम की भक्ती में डूबी कांग्रेस
युवक कांग्रेस ने बांधे राम रक्षासूत्र
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण भूमिपूजन अवसर पर युवक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने लोगों को राम रक्षासूत्र बांधे। इसकी शुरुआत मूसाखेड़ी क्षेत्र के श्रीराम मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद की गई। इस दौरान पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल, युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमन बजाज, पांच नंबर विधानसभा अध्यक्ष संतोष यादव, युंका नेता सुदामा चौधरी और अंकित दुबे आदि मौजूद थे। इधर, पटेल और बजाज ने कहा कि यह अभियान युवक कांग्रेस द्वारा पांच नंबर विधानसभा के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा। इसके लिए विधानसभावार अध्यक्षों को जिम्मेदारी दी जाएगी।
अयोध्या में मंदिर निर्माण और श्रीराम की भक्ती में डूबी कांग्रेस
भाजपा के गढ़ में कांग्रेसियों ने जलाए दीप
भाजपा के गढ़ दो नंबर विधानसभा में कांग्रेसियों ने कल शाम को दीप जलाए। 18 वार्डों के 18 चौराहों पर कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे और राजू भदौरिया के नेतृत्व में दीप उत्सव मनाया गया। कांग्रेस के कार्यकर्ता, आम जनता और व्यापारियों ने मिलकर दीप जलाए और रंगोली सजाई। इसके साथ ही प्रभु राम की आरती कर महाप्रसाद का वितरण भी किया गया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो