बड़ी खबर : लोकसभा चुनाव में विधायकों को टिकट नहीं देगी कांग्रेस
लोकसभा चुनाव में विधायकों को टिकट नहीं देगी कांग्रेस

इंदौर. आठ बार से इंदौर में लोकसभा चुनाव हारने वाली कांग्रेस इस बार चुनाव जीतने के लिए ऐसे प्रत्याशी को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है, जो सबकी पसंद हो। कांग्रेस ने इसके लिए स्थानिय कार्यकर्ताओं की पसंद को तवज्जो देने की कोशिश शुरू की है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच रायशुमारी करने के लिए मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर इंदौर आए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रत्याशियों के नाम भी पूछे। कपूर की इस बैठक को लेकर कांग्रेस के शहरी और ग्रामीण कार्यकर्ताओं में रार नजर आई। दरअसल, कपूर ने शहरी क्षेत्र के ब्लॉक अध्यक्षों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बैठक में बुलाया था। बैठक का समय उन्होंने शाम 5 बजे का तय किया था। इसके पहले उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के नेताओं से चर्चा की तैयारी की थी। यहां जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव, कार्यवाहक अध्यक्ष मोतीसिंह पटेल, सोहराब पटेल सहित सभी 8 ब्लॉक अध्यक्ष मौजूद थे। इस दौरान मंत्री जीतू पटवारी, विधायक विशाल पटेल, कार्यवाहक अध्यक्ष मोतीसिंह पटेल सहित सत्यनारायण पटेल, रामेश्वर पटेल के नाम नेताओं ने कपूर को दिए। यहां कपूर ने लगभग डेढ़ घंटे से भी ज्यादा समय लगा दिया, जिसके चलते शहरी क्षेत्र के जो नेता गांधी भवन में जुटे थे, वे नाराज होकर वापस लौटने लगे, जिसके बाद शहर कार्यवाहक अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने कपूर को इसकी जानकारी दी, तब कपूर गांधी भवन पहुंचे। शाम 6.30 बजे के बाद बैठक शुरू हो पाई, जिसमें बाकलीवाल के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना जायसवाल, सचिव राजेश चौकसे, सुरजीतसिंह चड्ढा, मोहन सेंगर सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।
विधायकों के लिए किया इंकार
जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चर्चा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने उल्टा कपूर से ही पूछ लिया कि क्या विधायकों को पार्टी लोकसभा में उतारेगी या नहीं? कपूर ने इस दौरान पूछा कि क्यों तो जवाब मिला विधायकों को टिकट दिया जाए तो पटवारी को चुनाव लड़ाया जा सकता है। हालांकि कपूर ने साफ कर दिया कि विधायकों को टिकट नहीं दिया जाएगा।
अब पाइए अपने शहर ( Indore News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज