इंदौर

महिला बीएलओ को पीटने वाले अब तक नहीं पकड़ाए

– कोर्ट में लगाया अग्रिम जमानत का आवेदन भी हुआ खारिज

इंदौरDec 13, 2018 / 11:15 am

Lakhan Sharma

police Catch a dozen gamester

इंदौर।
विधानसभा एक के वार्ड ६ के भाजपा नेता विशाल सिंघल (अग्रवाल) व कुनाल जादम उर्फ कन्नू ने अनैतिक रूप से मतदाता पर्ची एक महिला बीएलओ से झपटने के चलते उससे मारपीट की थी। लगभग २० दिन से दोनों आरोपित फरार है, लेकिन मल्हारगंज पुलिस आरेापितों तक नहीं पहुंच पाई है। जबकि चुनाव के दौरान भी वे सक्रिय दिखाई दिए और अब भी कोर्ट तक पहुंच रहे हैं। एक आरोपी की और से कोर्ट में प्रस्तुत अग्रिम जमानत का आवेदन भी खारिज कर दिया गया है। वहीं पुलिस दोनों को गिरफ्तार नहीं कर रही है, जिसके पीछे राजनीतिक दबाव की बात कही जा रही है।
दरअसल हुकमचंद कॉलोनी में मतदाता पर्ची बांटने घर घर गई महिला बीएलओ कविता शर्मा से विशाल और कुनाल ने मारपीट कर पर्ची छीनने का प्रयास किया था। इसके बाद बीएलओ कलेक्टर कार्यालय गई और वहां से अधिकारियों के निर्देश पर एफआईआर करवाने मल्हारगंज थाने पहुंची थी। पुलिस ने महिला बीएलओ कि शिकायत पर दोनों आरोपितों पर शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट सहित गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया और मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू किए। लेकिन अब तक वे दोनों फरार हैं। मल्हारगंज थाना प्रभारी संजय मिश्रा का कहना है कि दोनों आरोपी फरार हैं, हम उनकी तलाश कर रहे हैं। उनकी अग्रिम जमानत भी खारिज हो चुकी है। हमारी कोशिश है जल्द से जल्द उन्हे गिरफ्तार किया जाए। दरअसल विशाल सिंघल सरकारी ठेकेदार भी है और नगर निगम से ठेके लेता है। इसके साथ ही वह क्षेत्र के भाजपा नेताओं का सर्मथक है। महिला बीएलओ कविता शर्मा ने पुलिस को बताया था कि वह उसके किराएदार जो खाली कर गए हैं उनकी पर्ची भी मांग रहा था। हमें निर्देश है कि जिस व्यक्ति की पर्ची हो उसे ही दे या परिवार को दें। पिछले चार दिनों से वह पर्ची हासिल करने के लिए मेरा पीछा भी कर रहा था।

Home / Indore / महिला बीएलओ को पीटने वाले अब तक नहीं पकड़ाए

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.