इंदौर

दिल्ली चुनाव में जुटे इंदौरी भाजपाई, डेढ़ दर्जन कार्यकर्ताओं को लगाया काम पर

दो को दी एक विधानसभा की जिम्मेदारी
थोड़े दिन बाद जाएंगे प्रमुख नेता

इंदौरJan 17, 2020 / 04:44 pm

हुसैन अली

दिल्ली चुनाव

इंदौर. दिल्ली में चुनाव का आगाज हो गया है। वहां चुनाव प्रचार के लिए दो दर्जन भाजपाइयों को काम पर लगा दिया गया है। ये सभी इंदौर भाजपा की बी टीम के सदस्य हैं। जैसे-जैसे चुनाव चरम पर आएगा, वैसे-वैसे प्रमुख नेताओं को भी भेजा जाएगा।
भाजपा के लिए दिल्ली का चुनाव अब प्रतिष्ठा बन गया है, क्योंकि धीरे-धीरे कई राज्यों से पार्टी की सरकार चली गई। अब दिल्ली में जीतकर अपनी धारा में वापस लौटने का प्रयास किया जाएगा। चुनाव में किसी भी प्रकार की कोई कमी ना रहे, इसको लेकर राष्ट्रीय स्तर का संगठन काम पर लगा है। इसके चलते देशभर से 140 पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को वहां इकट्ठा किया गया है, जिसमें इंदौर से डेढ़ दर्जन कार्यकर्ता भी हैं।
पहली सूची में संभागीय संगठन मंत्री जयपालसिंह चावड़ा ने राजीव पटेल, गोविंदसिंह पंवार, मनोज ठाकुर, महेश पालीवाल, सुनिल तिवारी, रामस्वरूप गेहलोद, संतोष पाटीदार सहित अन्य को रवाना किया गया है। उनके अलावा भाजयुमो नगराध्यक्ष मनस्वी पाटीदार व जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा भी थे, जो किन्हीं कारणों से हाल ही में लौट आए। गौरतलब है कि इंदौरी भाजपाइयों ने १३ जनवरी को अपनी उपस्थिति दर्ज करवा दी थी।
ठहरने से लेकर गाड़ी का इंतजाम

इसके बाद एक विधानसभा में दो कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगा दी गई। बकायदा ठहरने से लेकर गाड़ी की व्यवस्था की गई है। पहले दौर में सभी को विधानसभा समझने के निर्देश दिए गए थे जिसके बाद उन्होंने मंडल स्तर की बैठकें कर दी। अब पार्टी का फोकस बूथ रचना पर फोकस किया जा रहा है। इसके अलावा पार्टी जो कार्यक्रम दे रही है उसके हिसाब से काम किया जा रहा है। बड़ी बात ये है कि सभी प्रभारियों से राष्ट्रीय संगठन महामंत्री वी संतोष सीधे संपर्क कर जानकारी लेते हैं।

Home / Indore / दिल्ली चुनाव में जुटे इंदौरी भाजपाई, डेढ़ दर्जन कार्यकर्ताओं को लगाया काम पर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.