इंदौर

सिंधी सामूहिक विवाह सम्मेलन में तुलसी विवाह

– सिंधी समाज मे पहली बार सामूहिक विवाह में निकली दुल्हनों की बारात, दूल्हों के साथ देखकर परिजन हुए अभिभूत

इंदौरNov 19, 2018 / 09:23 pm

सुधीर पंडित

सिंधी सामूहिक विवाह सम्मेलन में तुलसी विवाह केसाथ परिणय सूत्र में बंधे ११ जोड़े

इंदौर। मुस्कान ग्रुप एवं सिंधी समाज द्वारा सिंधी सामूहिक विवाह सम्मेलन देवउठनी ग्यारस को गोकुल गार्डन, माणिक बाग रोड पर आयोजित हुआ। शालीग्राम और तुलसी विवाह के साथ 11 नवयुगल विवाह सूत्र में बंधे। सिंधी समाज में पहली बार सामूहिक विवाह में दुल्हनों की बारात भी निकली। दुल्हों के साथ दुल्हनों को देखकर परिजन भी अभिभूत थे। दुल्हनों को भी पुरुषों के साथ समानता देकर समाज ने नई शुरुआत की है।
सामूहिक विवाह में दुल्हनों की बारात दूल्हों के साथ निकालकर दोनों पक्ष बाराती के रूप में शामिल हुए। जागरूकता का संदेश देते हुए घोड़ी पर दूल्हे और बग्घियों में दुल्हनों की बारात निकली। इंदौर सिंधी समाज की पंचायतों और संगठनों ने किया बारात का पारिवारिक माहौल में स्वागत किया। हेमंत छाबडिय़ा और संजय सुंदरानी ने बताया बारात के आयोजन में 11 दूल्हों को घोड़ी पर बिठा कर एवं दुल्हनों को बग्घियों में बिठाकर बड़े लाव लश्कर के साथ बैंड बाजों की थाप पर नाचते गाते लाया गया । वैदिक मंत्रोचार के साथ नवयुगल विवाह सूत्र में बंधे। आशीर्वाद समारोह में व्यंजनों में सिंधी पकवानों का लजीज साथ परोसा गया ।
दुल्हन की विदाई तक किया सत्कार
जयश्री वीरानी व नरेश फुंदवानी ने बताया दूल्हा -दुल्हन और उसके परिजन को यह प्रतीत तक नहीं होने दिया कि उनकी शादी सामूहिक विवाह में हो रही है। बारात के स्वागत से लेकर उनकी बिदाई तक का पूरा सत्कार एक पारिवारिक माहौल में किया। कोई पिता-माता तो कोई भाई-बहन बना था। हर कोई दूल्हा-दुल्हन के रिश्तेदार के रूप में शामिल हुआ। उनके लिए उपहार भी लेकर आए थे। सभी जोड़ों को मंच पर बैठाकर आशीर्वाद समारोह भी आयोजित किया।
गृहस्थी शुरू करने की हर वस्तु
ग्रुप के प्रकाश तलरेजा ने बताया युगलों को विवाह सूत्र में बंधने के बाद मुस्कान ग्रुप ने गृहस्थी शुरू करने की सभी वस्तुएं दी। उन्हें एक भी वस्तु बाहर से क्रय नहीं करना होगी। सोना-चांदी से लेकर कपड़े, अलमारी, पलंग, कीचन का सामान सहित १४० उपयोगी वस्तुएं दी गई।
श्री पद्मवंशीय मारवाड़ी राठौर पंचायत

श्री पद्मवंशीय मारवाडी राठौर पंचायत गोपाल मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष राजकुमार राठौर ने बताया आज देवउठनी ग्यारस को राठौर समाज का सामूहिक विवाह हुआ जिसमें 10 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। भव्य चल समारोह निकला। घोड़ी पर सवार होकर वर ने तोरण मारा। बारत में समाजजन जमकर झूमे। पूरे रीति-रिवाज के साथ सभी जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इस अवसर पर सकल पंच से पूरणमल राठौर, विजय देवड़ा, पंकज राठौर समाजजन मौजूद थे।
कोली समाज में ११ जोड़ों का विवाह

सोमवार को कोली समाज द्वारा नंदीग्राम में ११ जोड़ों का सामूहिक विवाह हुआ। सुबह से लेकर शाम तक पूरे विधि-विधान के साथ अभा कोरी-कोली समाज द्वारा आयोजन हुआ। चल समारोह के साथ ही शाम को परिणय सूत्र में बंधने के बाद दुल्हनों को विदा किया तो लोगों की आंखें नम हो गई।
 

Home / Indore / सिंधी सामूहिक विवाह सम्मेलन में तुलसी विवाह

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.