scriptदिग्विजय सिंह की संगत में…कांग्रेसियों की पंगत | Digvijay Singh Latest News | Patrika News

दिग्विजय सिंह की संगत में…कांग्रेसियों की पंगत

locationइंदौरPublished: Jul 16, 2018 10:53:40 am

Submitted by:

Uttam Rathore

पहले वरिष्ठ नेताओं से, फिर आम कार्यकर्ताओं से करेंगे चर्चा, विधानसभा चुनाव के मद्देनजर निकले हैं समन्वय बैठाने

Digvijay Singh

दिग्विजय सिंह की संगत में…कांग्रेसियों की पंगत

इंदौर.

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह प्रदेशभर में एकता यात्रा निकाल रहे हैं, ताकि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नेताओं और कार्यकर्ताओं में समन्वय बैठाया जा सके। अभी यह यात्रा इंदौर संभाग के जिलों में घूम रही थी, जो आज दोपहर में इंदौर पहुंचेगी। आज और कल दिग्विजय सिंह इंदौर में ही रहेंगे। इस दौरान वे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, फिर आम कार्यकर्ताओं और कांग्रेस से जुड़े मोर्चा संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। मालूम हो कि दिग्विजय ने नर्मदा की यात्रा करने के बाद अब राजनीतिक यात्रा शुरू कर दी है, क्योंकि इनके कार्यकाल के बाद से कांग्रेस विपक्ष में बैठकर वनवास ही काट रही है। दिल्ली के गलियारों में प्रदेश का नेतृत्व करने वाले पार्टी के बड़े नेताओं ने भी मैदान पकड़ लिया है, ताकि प्रदेश में फिर से सत्ता पाई जा सके।
कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे भोजन
प्रदेश समन्वय समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह आज दोपहर 1 बजे विमान से इंदौर पहुंचेंगे। दोपहर २ से ३ बजे तक समन्वय समिति के सदस्यों की बैठक रेसीडेंसी कोठी पर लेंगे। 3 बजे कांग्रेस के लोगों से चर्चा करेंगे। कल सुबह 10.15 बजे रेसीडेंसी से शुभकारज गार्डन राजीव गांधी चौराहा के लिए रवाना होंगे। यहां सुबह 10.45 बजे महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। सुबह 11 से 11.30 बजे तक महू, 11.30 से 1२ बजे तक देपालपुर , दोपहर 12 से 12.30 बजे तक राऊ, दोपहर 12.30 से 1 बजे तक सांवेर विधानसभा के दावेदार एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। दोपहर 1 से 3.30 बजे तक इंदौर की विधानसभा 1,2,3,4 एवं 5 के दावेदार एवं कार्यकर्ताओं से क्रमवार मुलाकात करेंगे। इसके बाद संगत में पंगत कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भोजन ग्रहण करेंगे।
इनसे करेंगे वन-टू-वन चर्चा
विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष, इंदौर विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्षगण, प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षगण, जनपद अध्यक्ष, मंडी अध्यक्ष, वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष, शहर व जिला कांग्रेस अध्यक्ष तथा कार्यवाहक अध्यक्षगण, नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद दल, दलित समाज, व्यापारी, कांग्रेस के शहर व जिला मातहत संगठन, युवा कांग्रेस, एनएसयूआइ, सेवादल, महिला कांग्रेस, आइटी सेल, जिला व शहर अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, अनुसूचित जाति के अध्यक्षगण।
गुटों में बंटे नेताओं को कर रहे एकजुट
गुटों में बंटी कांग्रेस को एकजुट करने के लिए नेताओं में समन्वय बैठाने के लिए दिग्विजय सिंह ने यात्रा शुरू की है, जो प्रदेश कांग्रेस समन्वय समिति के अध्यक्ष भी हैं। दिग्विजय शहर और जिले के कांग्रेसियों की अलग-अलग बैठक लेंगे।
विशाल दिखाएंगे ताकत
दिग्विजय सिंह की एकता यात्रा के चलते पूर्व जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष और देपालपुर से विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी करने वाले विशाल पटेल अपनी पूरी ताकत दिखाएंगे। उन्होंने देपालपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसियों की बैठक अलग से रखी है, जो कि कल बिचौली मर्दाना स्थित संपत पैलेस होटल में सुबह 10 बजे से होगी। इसमें कांग्रेस के पदाधिकारी और नेता सहित अन्य कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो