script

कांग्रेस नेताओं में तनातनी, दिग्गी बोले-विनय, तू कमलनाथ से बात करके प्रमोद के लिए मंगवा दे चार्टर्ड प्लेन

locationइंदौरPublished: Jul 17, 2018 11:24:12 am

Submitted by:

Uttam Rathore

पदभार ग्रहण के दिन शहर अध्यक्ष टंडन शहर से बाहर, बाकलीवाल संभालेंगे कार्यवाहक अध्यक्ष की कुर्सी

Digvijay Singh

दिग्विजय बोले: विनय, तू कमलनाथ से बात करके प्रमोद के लिए मंगवा दे चार्टर्ड प्लेन

इंदौर. पदभार ग्रहण को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष और कार्यवाहक अध्यक्ष में जमकर तनातनी हो गई। जिस दिन कार्यवाहक अध्यक्ष शक्ति प्रदर्शन करने के साथ पदभार ग्रहण करने जा रहे हैं, उसके एक दिन पहले शहर अध्यक्ष इंदौर से बाहर जा रहे हैं। पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दिन शहर अध्यक्ष की अनुपस्थिति का मामला जब कांग्रेस समन्वय समिति के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह के सामने पहुंचा, तो उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि विनय तू कमलनाथ से बात कर प्रमोद के लिए अलग से चार्टर्ड प्लेन मंगवा दे, इस पर वे तेरे कार्यक्रम के लिए रुक जाएंगे।
लंबे समय बाद शहर कांग्रेस में फेरबदल किया गया है। प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने चुनाव अभियान समिति के चेयरमैन ज्योतिरादित्य सिंधिया की बात रखते हुए प्रमोद टंडन को शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष को अभयदान दिया और अपने समर्थक विनय बाकलीवाल को कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया। अब इन दोनों अध्यक्षों में पदभार ग्रहण को लेकर तनातनी हो गई है, क्योंकि कार्यवाहक अध्यक्ष बाकलीवाल ने पदभार ग्रहण करने की 19 जुलाई तारीख घोषित कर दी है, लेकिन इसके एक दिन पहले 18 जुलाई को शहर अध्यक्ष टंडन अपने परिवार के साथ हैदराबाद जा रहे हैं। अध्यक्ष टंडन के शहर में न होने से कार्यवाहक अध्यक्ष बाकलीवाल का पदभार ग्रहण कहीं अटक न जाए, इसके लिए कांग्रेस नेताओं ने दोनों के बीच समन्वय बैठाने की कोशिश की।
सोमवार को ये मामला पूर्व मुख्यमंत्री और समन्वय समिति के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह के सामने पहुंचाया गया। सिंह जब रेसीडेंसी कोठी पर शाम 4.30 से रात 9.30 बजे तक कांग्रेसियों से मुलाकात करने के बाद सुमित सूरी के घर खाना खाने के बाद चाय पीने कार्यवाहक अध्यक्ष बाकलीवाल के घर पहुंचे। यहां पर बंद कमरे में चर्चा हुई। इस दौरान प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष जीतू पटवारी, शहर अध्यक्ष टंडन, जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव, कांग्रेस नेता शेख अलीम, मुजीब कुरैशी और सुवेग राठी आदि मौजूद थे। बंद कमरे में जैसे ही चर्चा शुरू हुई, वैसे ही पटवारी ने कहा साहब (दिग्विजय सिंह) प्रमोद और विनय में पदभार ग्रहण को लेकर जो लफड़ा चल रहा है, इसको आप निपटाओ। विनय 19 जुलाई को कार्यवाहक अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने वाला है और प्रमोद 18 को अपने परिवार के साथ हैदराबाद जा रहा है। इस पर विनय ने कहा मेरा कार्यक्रम घोषित हो गया है। साथ ही होर्डिंग्स-पोस्टर तैयार हो गए और टीम को भी बोल दिया गया है। ऐसे में प्रमोद भाई 18 के बजाय 19 को हैदराबाद चले जाएं। टिकट भी मैं करा कर दे दूंगा। यह सुनने के बाद प्रमोद भड़क गए और बोले इसने मुझसे पूछकर कार्यक्रम नहीं रखा है, मर्जी से रख लिया है। विनय का कहना था कि आपको बताया था। अपने कार्यक्रम को आगे-पीछे कर लो, लेकिन प्रमोद नहीं माने। दोनों नेताओं में तनातनी को देखते हुए पटवारी और शेख अलीम बोले कि यह समय आपस में लडऩे का नहीं है। कांग्रेस को कैसे मजबूत करना है, इस पर ध्यान दो, क्योंकि तुम दोनों जिम्मेदार पद पर बैठे हो। पदभार ग्रहण को लेकर टंडन- बाकलीवाल में चल रही तनातनी पर दिग्विजय सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि विनय तू कमलनाथ से बात कर प्रमोद के लिए चार्टर्ड प्लेन मंगवा दे। तेरा पदभार ग्रहण करवाकर चला जाएगा। इस पर बाकलीवाल बोले यह हमारा आपसी मामला है, हम निपटा लेंगे। मेरे बाहर जाने का पता चलने पर सदाशिव ने अपना कार्यक्रम आगे कर लिया, तुम भी कर लो।
काफी पैसा खर्च कर दिया

पदभार ग्रहण को लेकर कार्यवाहक अध्यक्ष बाकलीवाल ने पूरी तैयारी कर ली है। वे राजबाड़ा स्थित अहिल्या प्रतिमा से पार्टी कार्यालय गांधी भवन तक रैली के रूप में जाएंगे। साथ ही भीड़ जुटाकर अपनी ताकत दिखाएंगे। उन्होंने तैयारी करने के साथ होर्डिंग्स-पोस्टर पर काफी पैसा खर्च कर दिया है। इससे उन्होंने दिग्विजय सिंह को अवगत करवाते हुए शहर अध्यक्ष प्रमोद का कार्यक्रम आगे कराने की बात कही है। रात ११ बजे दिग्विजय सिंह रेसीडेंसी पहुंचे। इसके पहले उनसे कांग्रेस नेता महेश जोशी, सज्जन सिंह वर्मा, नरेंद्र सलूजा, शोभा ओझा, अश्विन जोशी, अर्चना जायसवाल, तुलसी सिलावट, देवेंद्र सिंह यादव, अरविंद बागड़ी, शैलेष गर्ग और अन्य कांग्रेस नेता मिले। इधर, कांग्रेस पार्षदों में से ३ को टिकट देने की पैरवी की गई।
कांग्रेस के हारने पर आज दिनभर होगा मंथन

इंदौर शहर और जिले में कांग्रेस की हार के क्या कारण हैं, इस पर मंथन आज दिनभर होगा। समन्वय समिति के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में शुरुआत सुबह 10.30 बजे राजीव गांधी चौराहा स्थित शुभकारज गार्डन में हुई। महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद सुबह 11 बजे से महू विधानसभा के क्षेत्र के नेताओं से बातचीत शुरू की गई। 11.30 से 1२ बजे तक देपालपुर विधानसभा, दोपहर 12 से 12.30 बजे तक राऊ विधानसभा, दोपहर 12.30 से 1 बजे तक सांवेर विधानसभा के दावेदार एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे से 3.30 बजे तक इंदौर की विधानसभा 1,2,3,4 एवं 5 के दावेदारों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद संगत में पंगत कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भोजन ग्रहण करेंगे। कांग्रेसियों से चर्चा करने के साथ पार्टी कैसे जीतेगी, क्या कमी है और क्या सुझाव हैं, इस पर दिग्विजय सिंह बात करेंगे। घोषणा-पत्र में क्या होना चाहिए, यह भी वे पूछेंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो