इंदौर

शहर को सफाई का पाठ पढ़ाने वाले नगर निगम में ही गंदगी

पान-गुटखा खाकर जगह-जगह थूककर रंग रहे दीवार, खिड़की और दरवाजे, हर कोने को बना रखा पीकदान

इंदौरJul 22, 2019 / 10:57 am

Uttam Rathore

शहर को सफाई का पाठ पढ़ाने वाले नगर निगम में ही गंदगी

इंदौर. शहर को सफाई का पाठ पढ़ाने के साथ जगह-जगह थूकने और कचरा फैलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर नगर निगम तगड़ा जुर्माना वसूल कर रहा है, लेकिन अपने ही विभाग के अफसरों और कर्मचारियों को नहीं सुधार पा रहा है। निगम मुख्यायल में पान-गुटखा खाने वाले निगमकर्मी जहां जगह-जगह थूककर दीवार, खिड़की और दरवाजे रंगीन कर रहे है , वहीं हर कोने को पीकदान बना रखे हैं।
रोचक बात यह है कि निगम मुख्यालय की हर दीवार पर थूकने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पोस्टर चिपकाए गए हैं कि आप सीसीटीवी कैमरे की निगाह में हैं। थूकने पर 500 रुपए का दंड लगेगा। निगम के थूकने पर अब तक सारी चेतावनियां बेअसर रही हैं। कारण थूकने वालों पर आज तक कार्रवाई नहीं होना है। नतीजतन निगम मुख्यालय में पान-गुटखे की लाल पीक जगह-जगह नजर आने लगी है, जबकि सड़क और डिवाइडर पर थूकने वालों के तो निगम चालान तत्काल बना देता है।
 

स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर देश में लगातार तीन बार नंबर वन आया। यह तमगा लेकर निगम देश के दूसरे शहरों को सफाई की सीख देता फिर रहा है, लेकिन अपने ही विभाग के कर्मचारियों की हरकत पर कोई नजर नहीं है।
निगम मुख्यालय में लगने वाले जनकार्य विभाग, परिषद कार्यालय, स्वस्थ्य विभाग, निगम की नई बिल्डिंग, जलकार्य विभाग के साथ एमआईसी प्रभारी कार्यालय जहां भी नजर डालें, वहां पर दीवारों, खिड़कियों-दरवाजों के आसपास पान की पीक ही नजर आ रही हैं।
 

 

 

 

 

 
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.